Patna : पटना में सोमवार को होने जा रही वोटर अधिकार यात्रा की समापन रैली विपक्षी एकता के बड़े शक्ति प्रदर्शन में तब्दील होने जा रही है। झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन इस रैली में शिरकत करेंगे। यह जानकारी झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने दी।
पांडेय का दावा है कि इस यात्रा ने बीजेपी और एनडीए की “नींद उड़ा दी है” और सोमवार का दिन बिहार की राजनीति में निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है। रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत INDIA गठबंधन के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। विनोद पांडेय ने एसआईआर प्रक्रिया को भाजपा और चुनाव आयोग की “सुनियोजित साजिश” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आदिवासी वोटरों के नाम जानबूझकर वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं ताकि भाजपा को फायदा मिल सके।
उन्होंने कहा, “जब संसद में राहुल गांधी की आवाज दबाई गई, तब वो सड़क पर उतरे लोकतंत्र बचाने। झामुमो इस संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।” विनोद पांडेय ने उम्मीद जताई कि बिहार की जनता भी आने वाले विधानसभा चुनाव में झारखंड की तरह INDIA गठबंधन को खुला जनादेश देगी।












