Ranchi : CM हेमंत सोरेन ने आज “झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, 2023” को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हाई लेवल मीटिंग की। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मीटिंग में राज्य के मुख्य सचिव एल०खियांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव गृह विभाग वंदना दादेल, DGP अनुराग गुप्ता एवं जेएसएससी अध्यक्ष प्रशांत कुमार मौजूद थे, वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये तमाम जिलों के DC, SSP और SP जुड़े थे। CM हेमंत सोरेन ने कदाचार मुक्त परीक्षा कराने का सख्त आदेश दिया, वहीं JSSC द्वारा जारी SOP का उल्लंघन किसी हालत पर नहीं होने पर जोर दिया। इसी तरह अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
CM हेमंत सोरेन ने तमाम जिलों के DC और पुलिस कप्तानों को यह निर्देश दिया कि आगामी दो दिनों तक सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास अवस्थित होटल, लॉज, होस्टल्स, गेस्ट हाउस सहित ठहरने के सभी जगहों पर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी किये गये SOP की प्रतियां जरूर चिपकायें जायें। इन सभी संस्थानों के मालिक को रूल्स रेगुलेशन की जानकारी देते हुये उन्हें बता-जता दिया जाये कि परीक्षा से संबंधित कोई गलत सूचना या अफवाह उनके संस्थान में रुकने वाले लोगों के द्वारा फैलाई जाती है तो अफवाह फैलाने वालों के साथ-साथ संस्थान के मालिक पर भी कार्रवाई की जायेगी। वे भी कानून के दायरे में आयेंगे।
हर स्तर पर हो कड़ी निगरानी
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई भूल-चूक नहीं हो, इसका पूरा ख्याल रखा जायें। जिला स्तर पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित किये जायें। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर डिजिटल गैजेट्स का इस्तेमाल न हो यह भी सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों में लगे CCTV चालू हालत में हो, वहीं, एग्जाम सेंटर कैंपस के मुख्य गेट पर भी CCTV कैमरा लगाना लगाना जरूरी है। ताकि, मुख्य द्वार की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। CM ने कहा कि हर स्तर पर कड़ी नजर हो। सोशल मीडिया साइट्स पर भी नजदीकी से मॉनिटरिंग करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।
अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो
CM हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेपर लीक से संबंधित कोई भी अफवाह या झूठी खबरें सोशल मीडिया के माध्यम से नही फैले। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखें, परीक्षा को बदनाम करने वालों पर भी फौरी कार्रवाई हो। वहीं, परीक्षा के रूल्स तथा जारी एसओपी के नियम तोड़ने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई तथा सजा के प्रावधानों का प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
कदाचार मुक्त परीक्षा प्राथमिकता
CM हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी 21 एवं 22 सितम्बर को आयोजित होने वाले झारखण्ड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा हर हाल में कदाचार मुक्त हो, वहीं सभी केंद्रों पर सुरक्षा के तगड़े इंतेजाम हो।




