रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एक्शन मोड में हैं। गुरूवार को शशिभूषण वर्मा, तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-प्रभारी अंचल अधिकारी सरिया सम्प्रति अंचल अधिकारी, डुमरी और सुनीता कुमारी, अंचल अधिकारी, सरिया को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उन पर विभागीय कार्यवाही शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। दोनों अधिकारी शशिभूषण वर्मा एवं सुनीता कुमारी पर सरकारी भूमि का अवैध रूप से नामांतरण करने का आरोप है।

सुनीता कुमारी, अंचल अधिकारी, सरिया द्वारा सरिया मौजा के बड़की सरिया गैरमजरूआ खाता संख्या-200 में प्लॉट संख्या-1839, रकबा 01 एकड़ 60 डीo रैयत भरथ कोयरी के नाम दिनांक 6 जून 2018, प्लॉट संख्या-4017, रकबा 15.5 डीo रैयत दुलारी देवी के नाम दिनांक 5 जनवरी 2020, प्लॉट संख्या-4771, रकबा 2.6 डीo रैयत महेश कुमार मोदी के नाम दिनांक 23 अगस्त 2019 को ऑनलाइन कर सरकारी भूमि का अवैध रूप से नामांतरण करने का आरोप है।

दोनों पदाधिकारी के विरुद्ध आरोप गंभीर प्रकृति की है। अनुमंडल पदाधिकारी बगोदर/सरिया, गिरिडीह ने जांचोपरांत आरोप को सही पाया है। अतः उपायुक्त, गिरिडीह के पत्र के आलोक में शशिभूषण वर्मा, तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-प्रभारी अंचल अधिकारी, सरिया सम्प्रति अंचल अधिकारी, डुमरी एवं सुनीता कुमारी, अंचल अधिकारी, सरिया को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सहमति दी है।
इसे भी पढ़ें : इमरान को लिखे PM मोदी के खत को महबूबा मुफ्ती ने सराहा, जानें क्या कहा
इसे भी पढ़ें : रेड कलर की ड्रेस में ‘मौनी रॉय’ सोशल मीडिया पर मचा रही धमाल, देखें…












