Koderma : कोडरमा के चंदवारा प्रखंड की बेंदी पंचायत स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय वीरगढ़ा में तेज बारिश के दौरान अर्धनिर्मित दो मंजिला भवन का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर जमीन पर आ गिरा। मलबा गिरते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बच्चे समय रहते सुरक्षित स्थान की ओर चले गये और एक बड़ा हादसा टल गया। जिस वक्त भवन का ऊपरी हिस्सा ढहा, उस समय विद्यालय के बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ मलबा नीचे गिरा तो बच्चों और स्कूलकर्मियों में तहलका मच गया। शिक्षक और अन्य लोगों ने तत्काल बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विद्यालय का यह दो मंजिला भवन करीब 2010 में अधूरा बना था। इसके बाद भवन का ऊपरी हिस्सा लंबे समय से उसी हालत में पड़ा था। सोमवार को तेज बारिश के बीच अचानक इसका हिस्सा ढह गया। हादसे के बाद अब विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से अधूरा और जर्जर पड़ा भवन बारिश के मौसम में कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
बच्चे खा रहे थे मिड-डे मील, तभी भरभराकर गिरा स्कूल का अधूरा हिस्सा…
Date:







