Chaibasa : झारखंड के चाईबासा से सुरक्षाबलों को नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और कोबरा-209 बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में भाकपा माओवादी के दो कुख्यात नक्सली सब जोनल कमेटी सदस्य संदीप उर्फ हिडिमा पाडेयाम और एरिया कमेटी सदस्य शिवा बोदरा उर्फ शिबू को गिरफ्तार किया गया है।
ये गिरफ्तारी सारंडा के घने जंगलों में जराईकेला थाना क्षेत्र से 31 अगस्त की सुबह हुई। छत्तीसगढ़ के बीजापुर का रहने वाला हिडिमा पिछले 10 साल से झारखंड में सक्रिय था और IED ब्लास्ट कर सुरक्षाबलों को निशाना बना रहा था। वहीं, शिवा बोदरा ओडिशा के राउरकेला में भी धमाके और लूट में शामिल रह चुका है। दोनों नक्सलियों के पास से एक पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, वॉकी-टॉकी, डेटोनेटर और IED बनाने का सामान मिला है। इनके खिलाफ गोइलकेरा, सोनुवा, टोंटो, छोटानागरा समेत आठ थानों में 40 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
SP राकेश रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूछताछ के दौरान नक्सलियों ने संगठन की क्रूर सच्चाई का भी खुलासा किया। भाकपा माओवादी के केंद्रीय कमेटी सदस्य अनल उर्फ रमेश द्वारा महिला दस्ते की सदस्यों का यौन शोषण किया जाता है और कई बार जबरन गर्भपात भी कराया गया।










