Chatra : चतरा का अफीम-हेरोइन दिल्ली तक पहुंचता है। कभी बाई रोड तो कभी ट्रेन के सफर में नशे के सौदागर मनमाने रेट पर सौदा कर जाते हैं। चतरा में ऐसे कई सौदागर हैं, जिनका नेटवर्क इतना तगड़ा है कि उन्हें भेद पाना बहुत आसान नहीं। पुड़ियों के दम पर कईयों ने कुबेर का खजाना जुटा लिया। कल तक घर-द्वार छोड़ जंगलों में हथियार लेकर घूमने वाले दागियों को भी धंधा रास आ गया। कई सुनसान एरिया खासकर उग्रवाद प्रभावित इलाकों में अफीम की खेती पर जोर है। इस बात का खुलासा आज तब हुआ जब चतरा पुलिस ने दो तस्करों को पकड़ा। इनके पास से करीब 45 किलो अफीम और 25 ग्राम हेरोइन मिले। जब्त अफीम की कीमत करीब डेढ़ करोड़ एवं हेरोइन की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार तस्करों के नाम ललन दांगी और राजेंद्र दांगी बताये गये।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चतरा के SP विकास पांडेय को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा से हजारीबाग के रास्ते अफीम तस्कर निकलने वाले हैं। इस सूचना पर चतरा-हजारीबाग रोड पर बलबल चेक प्वाइंट के पास चेकिंग लगा दी गई। इसी दरम्यान एक तस्कर 45 किलो अफीम के साथ धरा गया। गिरफ्तार तस्कर की निशानदेही पर गिद्धौर थाना क्षेत्र के पांडेटोला गांव में छापामारी की गई। राजेंद्र दांगी के घर से 25 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। खुले बाजार में इसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई। तस्कर ललन दांगी को भी अरेस्ट कर लिया गया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और एक स्कूटी भी जब्त कर ली गई। गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले राज उगल दिये। मिले इनपुट पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। बीते बुधवार को पुलिस ने ब्राउन शुगर बरामद की थी। इसकी कीमत करीब 1 लाख 38 हजार आंकी गई थी।












