Kohramlive : आचार्य चाणक्य की नीतियों में जीवन को समझने और मुश्किल परिस्थितियों में सही फैसला लेने की कई व्यावहारिक सीख मिलती हैं। चाणक्य ने सिर्फ राजनीति और शासन की बातें नहीं कीं, बल्कि इंसान के व्यवहार, रिश्तों और सामाजिक जीवन को लेकर भी कई महत्वपूर्ण बातें बताईं। चाणक्य नीति से जुड़ी एक प्रसिद्ध सीख का सार यही है कि व्यक्ति को जरूरत से ज्यादा सीधा और भोला नहीं होना चाहिये। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि ईमानदारी छोड़ दी जाये या झूठ का सहारा लिया जाये। असली बात है, सच्चाई के साथ विवेक और समझदारी भी जरूरी है।
हर बात हर किसी को बताना समझदारी नहीं
कई लोग अपने मन की बात, भविष्य की योजना और निजी परेशानियां हर किसी के सामने खुलकर रख देते हैं। उन्हें लगता है कि सामने वाला भी उनकी तरह साफ दिल है। लेकिन हर व्यक्ति एक जैसा नहीं होता। इसलिये अपनी निजी बातें साझा करने से पहले यह समझना जरूरी है कि सामने वाला कितना भरोसेमंद है। ईमानदार रहिए, लेकिन अपनी निजी जिंदगी की हर खिड़की हर किसी के लिए मत खोलिये।
अपनी कमजोरी को हथियार न बनने दें
इंसान की कमजोरियां, डर, आर्थिक परेशानी या भविष्य की योजनाएं अगर गलत व्यक्ति तक पहुंच जायें तो उनका गलत इस्तेमाल भी हो सकता है। चाणक्य की इस सीख को आज के दौर में पर्सनल बाउंड्री और प्राइवेसी से जोड़कर भी समझा जा सकता है। हर बात छिपाना जरूरी नहीं, लेकिन हर बात बताना भी समझदारी नहीं।
भरोसा करें, लेकिन आंखें बंद करके नहीं
किसी पर भरोसा करना रिश्तों की नींव है, लेकिन बिना समझे किसी व्यक्ति पर पूरी तरह निर्भर हो जाना नुकसानदायक हो सकता है। सामने वाले के शब्दों से ज्यादा उसके व्यवहार और इरादों को समझना जरूरी है। भरोसा धीरे-धीरे बनता है, इसलिए किसी को जानने-समझने का समय देना बेहतर होता है।
ईमानदारी और समझदारी का संतुलन जरूरी
चाणक्य की इस सीख का सबसे बड़ा संदेश यही है कि ईमानदार होना और हर राज खोल देना एक बात नहीं है। आप सच बोल सकते हैं, लेकिन यह फैसला भी आपका होना चाहिये कि क्या कहना है, किससे कहना है और कब कहना है।
जिंदगी का सरल मंत्र
सीधा दिल रखिये, लेकिन आंखें खुली रखिये।
भरोसा कीजिये, लेकिन समझदारी के साथ।
ईमानदार रहिये, लेकिन अपनी कमजोरियां हर किसी के सामने मत रखिये।





