Chaibasa : सारंडा के घने जंगलों में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुये चाईबासा पुलिस ने नक्सलियों को तीखी चोट दी है। पुलिस ने जोरदार अभियान चलाते हुये हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया। वहीं, सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिये छिपाये गये विस्फोटकों को निष्क्रिय कर दिया गया। संपूर्ण ठिकाने को ध्वस्त कर दिया गया है ताकि भविष्य में इसका कोई उपयोग न हो सके। भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने दस्ते के साथ कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय हैं। इनकी विध्वंसक योजनाओं को विफल करने के लिये चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 BN, झारखंड जगुआर और CRPF (60, 197, 174, 193, 134, 26 BN) के जवान लगातार ऑपरेशन चला रहे हैं।
ग्राम हुसिपी, राजाबासा, तुम्बाहाका, रेगड़ा, पाटातोरब, गोबुरू, लुईया और आस-पास के जंगली-पहाड़ी इलाकों में आज सर्च ऑपरेशन के दौरान एक पुराने नक्सली ठिकाने से पुलिस को उक्त कामयाबी मिली। पुलिस ने पिस्तौल, कार्बाइन, बोल्ट एक्शन राइफल कई जिंदा गोलियां बरामद की है। 10 किलो के 2 केन IED, डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर और 3 वॉकी-टॉकी मिले। जंगल में नक्सली वर्दी, बैनर, स्पाइक रॉड (95 नग) और दैनिक उपयोग के सामान की चीजें मिली।




