Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के समाहरणालय सभागार में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जागरूकता, सम्मान और संकल्प—तीनों का सुंदर संगम देखने को मिला। समारोह की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (DDC) पशुपतिनाथ मिश्रा ने की। कार्यक्रम में जिले की डिस्ट्रिक्ट आइकॉन प्रियंका कुमारी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिये सॉल व बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में कदम रखने वाले 9 नवपंजीकृत मतदाताओं को एपिक कार्ड (EPIC Card) और गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। इनमें पवन कुमार, ट्विंकल कश्यप और रानी खातून सहित अन्य युवा चेहरे शामिल रहे। मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाने में जुटे विभिन्न प्रखंडों के BLO भी सम्मानित किये गये। सम्मान पाने वालों में रेणु देवी (गढ़वा), सविता देवी (मेराल), देवन्ति देवी (रंका), तिलेश्वरी देवी (खरौधी), अनीता देवी (भवनाथपुर), शीला देवी (नगर ऊंटारी) शामिल रहीं।
निर्भीक मतदान की शपथ
समारोह को संबोधित करते हुये DDC पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती हर मतदाता की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों और नागरिकों को बिना किसी प्रलोभन के निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज सहित कई छोटे-बड़े अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।












