Kohramlive : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षायें आज यानी 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं। पहले दिन 10वीं के छात्रों का गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक) का पेपर होगा, जबकि 12वीं के विद्यार्थियों के लिये बायो-टेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप की परीक्षा होगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षायें सुबह 10.30 बजे से शुरू हो चुकी हैं, लेकिन बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी छात्र सुबह 10 बजे तक परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंच जायें। 10 बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जायेगा।
समय से पहले पहुंचे, ट्रैफिक का रखें ध्यान
CBSE के परीक्षा नियंत्रक डॉ संयम भारद्वाज ने मीडिया को बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान देश में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम भी होने वाले हैं। इससे ट्रैफिक जाम, रूट डायवर्जन या देरी की स्थिति बन सकती है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें और दूरी, मौसम व स्थानीय ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखें। CBSE ने अपने संबद्ध स्कूलों को प्रश्नपत्र से संबंधित आपत्तियों को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किये हैं। बोर्ड ने कहा है कि सभी आपत्तियां केवल OECMS पोर्टल पर ही अपलोड की जायें। यदि स्पष्टीकरण आवश्यक हो तो निर्धारित ईमेल आईडी पर ही भेजा जाये। जिस दिन परीक्षा हो, उसी दिन आपत्ति दर्ज की जाये। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि देर से, अस्पष्ट या गलत प्रक्रिया से भेजी गई आपत्तियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जायेगी।
ये जरूरी चीजें साथ लाना जरूरी
- एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी (बिना इसके प्रवेश नहीं)
- स्कूल आईडी कार्ड
- नीले रंग के पेन
- पेंसिल, स्केल, रबर
- पारदर्शी पानी की बोतल
इन चीजों पर सख्त प्रतिबंध
- मोबाइल फोन
- स्मार्टवॉच
- कैलकुलेटर
- ब्लूटूथ, ईयरफोन
- कैमरा या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
- बैग, पर्स, किताब या लिखित सामग्री






