Kohramlive : NDA ने उपराष्ट्रपति पद के लिए अपने पत्ते खोल दिये हैं। उम्मीदवार बनाये गये सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। खास बात यह रही कि खुद PM मोदी उनके मुख्य प्रस्तावक बने।
नामांकन के दौरान NDA की ताकत भी साफ झलकी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, किरेन रिजिजू, जीतन राम मांझी समेत तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। PM मोदी समेत चार प्रमुख नेताओं ने राधाकृष्णन के नाम का प्रस्ताव दिया। चार सेटों में जमा हुये नामांकन पत्रों में मोदी के साथ-साथ राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेडीयू नेता राजीव रंजन सिंह प्रस्तावक बने।
कौन हैं सीपी राधाकृष्णन?
तमिलनाडु के OBC समुदाय से आने वाले सीपी राधाकृष्णन लंबे वक्त से भाजपा के विश्वसनीय नेता रहे हैं। 1998 में पहली बार लोकसभा पहुंचे। 2023 में झारखंड के राज्यपाल बने। वर्तमान में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। गौरतलब है कि राधाकृष्णन झारखंड की जिम्मेदारी संभालते हुये तेलंगाना और पुडुचेरी का भी अतिरिक्त प्रभार संभाल चुके हैं। बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में ग्रेजुएट राधाकृष्णन अब उपराष्ट्रपति पद की रेस में हैं।
महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
नामांकन से पहले राधाकृष्णन संसद परिसर पहुंचे और महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ प्रह्लाद जोशी, अर्जुन राम मेघवाल, धर्मेंद्र प्रधान, एल. मुरुगन और विनोद तावड़े जैसे नेता मौजूद थे।
17 अगस्त को हुई थी नाम की घोषणा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 17 अगस्त को एनडीए की संसदीय बैठक के बाद राधाकृष्णन के नाम की घोषणा की थी। ये पद तब से खाली पड़ा है जब 21 जुलाई को जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे दिया।
विपक्ष से जस्टिस रेड्डी मैदान में
इंडिया गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। वे 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे। रेड्डी ने कहा, “मैं इस नामांकन से खुश हूं, अगर ऐसा नहीं होता तो मैं यह कदम ही न उठाता।”
9 सितंबर को चुनाव
उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होगा। उसी दिन मतगणना भी की जायेगी। कुल 788 सांसद — लोकसभा के 543, राज्यसभा के 233 निर्वाचित और 12 मनोनीत सदस्य वोट डालने के पात्र हैं।






