Kohram live desk : अगर आप कहीं घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपके पास अच्छा मौका है. जाने के लिए फ्लाइट टिकट्स बुक कराने का सोच रहे हैं तो ये खबर आपका बहुत फायदा करा सकती है। सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई अलायंस एयर ने मानसून बोनेंजा सेल की घोषणा की है, जिसके तहत चुनिंदा मार्गों पर किराया 999 रुपये से शुरू होगा। एयरलाइन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि सेल 19 जून से 21 जून तक रहेगा।
1 अगस्त से 31 अक्टूबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुक होंगे
इसके तहत 01 अगस्त से 31 अक्टूबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुक कराए जा सकेंगे। बेंगलुरु-मैसुरु, मैसुरु बेंगलुरु, मैसुरु-कोच्चि, कोच्चि-मैसुरु, हैदराबाद-बेलगाम, बेलगाम-हैदराबाद, दिल्ली-चंडीगढ़, चंडीगढ़-दिल्ली, कोलकाता-भुवनेश्वर और रायपुर-कोलकाता जैसे मार्गों को ऑफर में शामिल किया गया है। सेल के तहत किराया 999 रुपये से शुरू होगा। इसके अलावा यात्री एक बार यात्रा की तारीख में नि:शुल्क परिवर्तन करा सेंकेंगे। अलायंस एयर ने बताया कि इन मार्गों पर वह 70 सीटों वाले एटीआर72 विमानों का परिचालन करेगी।
एयरलाइन कंपनी IndiGo एक फ्लैश सेल शुरू
इससे पहले बजट एयरलाइन कंपनी IndiGo एक फ्लैश सेल शुरू करने की घोषणा कर चुकी है, जिसमें एयरलाइन घरेलू यात्रियों को सिर्फ 1,165 रुपये में फ्लाइट टिकट खरीदने का मौका दे रही है। बता दें कि सेल 3 दिन की थी जो 12 जून से शुरू हुई थी। इस ऑफर के तहत ग्राहक आप यात्रा करने के लिए 1 अगस्त 2021 से 30 सितंबर 2021 के बीच की टिकट बुक करा सकते हैं। इस ऑफर की जानकारी एयरलाइन ने अपनी वेबसाइट पर दी है।
मई में हवाई यात्रियों की संख्या में 63 फीसद की बड़ी गिरावट
कोविड-19 की दूसरी लहर के कारण मई में 21.15 लाख यात्रियों ने घरेलू मार्गो पर हवाई यात्रा की। यह संख्या अप्रैल में 57.25 लाख यात्रियों के मुकाबले 63 फीसद कम है।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार मार्च 2021 में 78.22 लाख लोगों ने देश के भीतर हवाई यात्रा की। वही मई में कोविड-19 की दूसरी लहर से घरेलू हवाई यात्रा और विमानन क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ।
डीजीसीए के मुताबिक़ विमानन कंपनी इंडिगो में 11.69 लाख यात्रियों ने सफर किया जो घरेलू स्तर पर हवाई यात्रा करने वाले कुल यात्रियों का 55.3 फीसद है। इसके अलावा 1.99 लाख मुसाफिरों ने स्पाइसजेट से यात्रा की जो कुल घरेलू हवाई उड़ानों का 9.4 फीसद है। इसके अलावा एयर इंडिया से 4.29 लाख, गो फर्स्ट (पहले गोएयर) से 1.38 लाख, विस्तारा से 97 हजार और एयर एशिया से 64 हजार यात्रियों ने मई में सफर किया।
इसे भी पढ़ें : 4जी डाउनलोड स्पीड में जियो और अपलोड में वीआई इंडिया ने बाजी मारी
इसे भी पढ़ें : बेटी के नाम पर करें 150 रुपये जमा, शादी पर मिलेंगे पूरे ₹22 लाख, जानें डिटेल














