Ranchi(Kuldeep Tiwari) : राजधानी रांची के ओरमांझी प्रखंड के हूटूप गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। घर के आंगन में बने कुएं से 18 साल युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हूटूप निवासी प्यारेलाल महतो के पुत्र राजकुमार महतो के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से निकाला शव
सूचना मिलते ही हूटूप TOP पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। कानूनी प्रक्रिया और पंचनामा पूरा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। राजकुमार घर का इकलौता बेटा था। शव घर पहुंचते ही पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां का निधन पहले ही हो चुका था और परिवार में केवल पिता-पुत्र ही रहते थे। आर्थिक तंगी के बीच राजकुमार दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार, कई बार वह मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा करता था और मुश्किल परिस्थितियों का सामना कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, राजकुमार को करीब तीन दिन पहले गांव के चौक-चौराहे पर देखा गया था। इसके बाद से वह दिखाई नहीं दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत कुएं में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।














