Chouparan(Krishna Paswan) : गांव में शादी की खुशी थी, घरवाले रास्ते पर मिट्टी डाल रहे थे… लेकिन अचानक जो हुआ, उसने पूरे जोकट गांव को दहला दिया। गुरुवार सुबह सार्वजनिक रास्ते को लेकर उपजा विवाद एक खूनी संघर्ष में बदल गया, जब तलवारें लहराते हुये एक पक्ष ने रामसेवक राणा और उनके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। रामसेवक राणा ने चौपारण थाना में दिये आवेदन में बताया कि वे अपने घर की शादी के लिए रास्ता समतल कर रहे थे, तभी गांव के ही कुछ लोग हथियारों से लैस होकर आये और बेरहमी से हमला कर दिया।
वायरल वीडियो ने खोली पोल
हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में हमलावर तलवारें लहराते और हमला करते साफ दिख रहे हैं। इसके बाद से ग्रामीणों का गुस्सा उबाल पर आ गया। सभी गुनहगारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इस बारे में थानेदार अनुपम प्रकाश ने बताया कि हमला करने वाला युवक फिलहाल फरार है और जल्द गिरफ्तारी होगी। इस बीच CO संजय यादव ने मीडिया को बताया कि रास्ते की नापी की गई थी और वह सार्वजनिक है। शम्भू केशरी समेत कई लोगों ने बीच रास्ते में गड्ढा खोद कर अतिक्रमण किया था। इसे हटाने का निर्देश दिया गया था और उसी पर काम हो रहा था, जब हमला हुआ।












