Delhi : जिस थाने में लोग अपनी शिकायत लेकर इंसाफ की उम्मीद में पहुंचते हैं, सोमवार को उसी थाने में अचानक चीख-पुकार मच गई। पारिवारिक विवाद का मामला सुलझाने के लिये बुलाया गया एक व्यक्ति पुलिसकर्मियों पर ही चाकू लेकर टूट पड़ा। देखते ही देखते थाना परिसर में अफरातफरी मच गई। हमले में पांच पुलिसकर्मी बेतरह घायल हो गये। आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। यह घटना सोमवार दोपहर करीब 2.30 बजे दिल्ली के जामा मस्जिद थाने की है। पुलिस के मुताबिक, नबील को उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में थाने बुलाया गया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि बातचीत के लिये आया यह शख्स अचानक हिंसक हो जायेगा।
गर्दन और चेहरे पर चाकू से वार
थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों पर नबील ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गये। उनके गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिये उन्हें सर गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर, पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद नबील थाने से फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने और भागने के लिये उसने रास्ते में एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुये सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा शुरू किया और उसकी तलाश में इलाके में घेराबंदी की। पुलिस टीम ने आरोपी नबील को चितली कबर इलाके में ट्रैक कर लिया। जब जवानों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। स्थिति लगातार बिगड़ती देख पुलिस टीम को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी।




