UP : यूपी में लंबे इंतजार के बाद भाजपा ने 70 जिलाध्यक्षों की सूची रविवार को जारी कर दी। यह सूची प्रदेश में करीब दो महीने की मशक्कत के बाद सामने आई है, जिसमें जातीय समीकरण और विपक्ष के पीडीए फार्मूले को मात देने की कोशिश की गई है। महिलाओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुये कई अहम बदलाव किए गये हैं। नये जिलाध्यक्षों में प्रमुख नामों में विकास चौहान (बुलंदशहर), उपेंद्र नाथ पासवान (कानपुर ग्रामीण), रेणुका सचान (कानपुर देहात) और राजू यादव (मथुरा महानगर) शामिल हैं। सूची में कई जिलों में पिछड़े, दलित और महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाया गया है, जिसे पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया था। पार्टी के संगठन चुनाव की प्रक्रिया पिछले साल शुरू हुई थी, और मंडल अध्यक्षों का चुनाव दिसंबर में हुआ था, जबकि जिलाध्यक्षों का चुनाव जनवरी के अंत तक पूरा करना था, लेकिन इसमें देरी हुई। शीर्ष नेतृत्व ने इस पर आपत्ति जताई थी और अब विसंगतियों को दूर करते हुये यह सूची जारी की गई है। भाजपा ने इस कदम के जरिए संगठन में नये जोश को भरने और आगामी चुनावों में मजबूती से कदम रखने की योजना बनाई है।












