UP : हरपुर-बुदहट की रहने वाली अंशिका अपने जन्मदिन की पार्टी मनाने मॉडल शॉप के पास पहुंची थी। मौसम जश्न का था, लेकिन किस्मत ने साजिश की स्क्रिप्ट लिख रखी थी। मॉडल शॉप के पास अंशिका की मुलाकात अपने पुराने परिचितों विशाल मिश्रा, अमिताभ निषाद, शैलेश और संदीप से हुई। पहले कहासुनी हुई, फिर बात इतनी बढ़ी कि अंशिका ने पिस्टल निकाल ली। एक झटके में चली गोली सीधे अमिताभ निषाद के पेट में जा धंसी। लहूलुहान अमिताभ को आनन-फानन में बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। गोली चलने के बाद अंशिका और उसके साथी भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिस्टल जब्त कर ली। CCTV फुटेज खंगाला गया, वहीं जांच में जो बातें सामने आई, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। इल्जाम है कि अंशिका सोशल मीडिया और निजी संपर्कों से लोगों को फंसाती थी। फिर उन्हें ब्लैकमेल करती थी। इस जाल में आठ पुलिसकर्मी भी फंसे बताये जा रहे हैं। महंगे कपड़े, नये-नये मोबाइल और दोस्तों के साथ बेफिक्र घूमने-फिरने के शौक ने परिवार को भी उससे दूर कर दिया था। इतना ही नहीं बीते साल 12 अक्टूबर को अंशिका और उसके साथियों पर थार जीप चोरी और फर्जी नंबर प्लेट लगाने का मामला पहले से दर्ज है। अंशिका को अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस अब अंशिका के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, ब्लैकमेलिंग नेटवर्क एवं चोरी की गाड़ियों के कनेक्शन हर पहलू की गहन जांच में जुट गई है।















