Ranchi : हेमंत सरकार ने नक्सली हमले में शहीद हुये झारखंड जगुआर (STF) के बहादुर आरक्षी सुनील धान को श्रद्धांजलि देते हुये उनके आश्रितों को 2 करोड़ 66 लाख 26 हजार की वित्तीय सहायता दी है। CM हेमंत सोरेन ने आज रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में शहीद के परिजनों से मुलाकात की और ₹1.20 करोड़ का चेक सौंपा। साथ ही गृह विभाग द्वारा ₹1.46 करोड़ की राशि परिजनों के खाते में स्थानांतरित की गई। मुख्यमंत्री ने संवेदना व्यक्त करते हुये कहा “झारखंड अपने शहीदों का हमेशा ऋणी रहेगा। सरकार हर कदम पर परिजनों के साथ खड़ी है।” CM ने शहीद की पत्नी से कहा कि अगर वे चाहे तो राज्य सरकार के प्रावधान के तहत अनुकंपा पर सरकारी नौकरी कर सकती हैं। पत्नी ने बताया कि बच्चों की उम्र अभी कम है, भविष्य में निर्णय लेंगी। शहीद सुनील धान अपने पीछे बूढ़ी मां, पत्नी और 2 छोटे-छोटे बच्चे छोड़ गये। यहां याद दिला दें कि बीते 12 अप्रैल को चाईबासा के घने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ चलाये गये विशेष ऑपरेशन में IED विस्फोट की चपेट में आकर आरक्षी सुनील धान गंभीर रूप से घायल हो गये थे। इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति पाई।
सरकार ने पेंशन और अन्य लाभों की प्रक्रिया पूरी कर ली है, जुलाई से परिजनों को पेंशन मिलनी शुरू हो जायेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि परिवार को हर संभव मदद समय पर मिले। मौके पर गृह सचिव वंदना दादेल, जगुआर DIG इंद्रजीत महथा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।









