Kohramlive : इंडियन आर्मी को सोमवार को एक बड़ी कामयाबी मिली है। श्रीनगर के हारवन के घने जंगलों में चलाये गये ‘ऑपरेशन महादेव’ में लश्कर-ए-तैयबा के तीन खूंखार आतंकियों को ढेर कर दिया गया। इनमें पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड हाशिम मूसा उर्फ सुलेमान शाह भी शामिल है। सेना के मुताबिक, मुठभेड़ में मूसा के दो साथी जिबरान और हमजा अफगानी भी मारे गये।
जानकारी के मुताबिक मूसा पाकिस्तान के SSG (स्पेशल सर्विस ग्रुप) से प्रशिक्षित था और लश्कर की तरफ से भारत में बड़े हमलों को अंजाम देने के मिशन पर आया था। हाशिम मूसा 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड था, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटक मारे गये थे। उसके पास से M4 कार्बाइन और दो AK-सीरीज रायफलें बरामद हुई हैं। सुरक्षाबलों ने 26 जुलाई को एक संदिग्ध सैटेलाइट सिग्नल डिटेक्ट किया, जो पहलगाम हमले में इस्तेमाल डिवाइस से मिलता-जुलता था। सिग्नल ट्रेस होते ही 24 RR और 4 PARA यूनिट के जवानों ने जंगल में गुप्त ऑपरेशन शुरू किया। तीनों आतंकियों को दाचिगाम के जंगल में घेरकर मार गिराया गया। शवों को कानूनी औपचारिकताओं के लिए स्थानीय पुलिस को सौंपा गया है। सेना के एक अधिकारी ने कहा, “यह उन 26 परिवारों के लिए इंसाफ है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया। मूसा की मौत भारत की कड़ी आतंक-रोधी नीति का उदाहरण है।”










