Ranchi : आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के मौके पर रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम की रूपरेखा तय कर ली गई है। रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में साफ़ कहा गया, “जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है।” DC कार्यालय में आयोजित इस बैठक में SSP राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, सदर SDO उत्कर्ष कुमार, सिटी SP पारस राणा, SP राकेश सिंह, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, NDRF असिस्टेंट कमांडेंट कौशल कुमार और विंग कमांडर सूरज कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में तय हुआ कि NDRF की विशेष टीमें भीड़भाड़ वाले पंडालों, घाटों और संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेंगी। ये टीमें अत्याधुनिक उपकरणों के साथ जल-जनित आपदाओं, दुर्घटनाओं और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने को तैयार रहेंगी। दुर्गा पूजा के दौरान प्रमुख पंडालों के पास मोबाइल टीमें रहेंगी, जबकि छठ पर्व पर तालाबों और नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जायेगी। कंट्रोल रूम को हाई अलर्ट पर रखने, भीड़ प्रबंधन और रेस्क्यू ऑपरेशन की निरंतर मॉनिटरिंग का भी निर्णय लिया गया। DC ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिये। जन शिकायत के लिये जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर अबुआ साथी – 9430328080 जारी किया गया है, ताकि आम लोग किसी भी आपात स्थिति या समस्या की सूचना तुरंत दे सकें।








