61 स्टूडेंट्स बीती देर रात हॉस्टल से भाग गईं
चाईबासा के खुंटपानी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की 61 स्टूडेंट्स बीती देर रात हॉस्टल से भाग गईं। इसकी भनक तक हॉस्टल में किसी को नहीं लगी। कंपकंपाती ठंड में रात के अंधेरे में एक बजे सभी स्टूडेंट्स हॉस्टल से निकलीं। करीब 17 किलोमीटर पैदल चलकर आज भोर में सात बजे डीसी ऑफिस पहुंचीं। छात्राओं का इल्जाम है कि उन्हें हॉस्टल में तरह-तरह से टॉर्चर किया जाता है। सरकारी नियमों के तहत मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं तक मुहैया नहीं कराई जातीं। खाना भी भर पेट नहीं मिलता। अगर मिलता है तो वह भी बासी। क्लास के समय जबरदस्ती टॉयलेट और नाली साफ करवाया जाता है। इनकार करने पर कान पकड़ कर उठक-बैठक करवाया जाता है। मारने-पीटने से भी नहीं चूकते वार्डन और टीचर। फाइन तक वसूला जाता है। वार्डन और टीचर के खिलाफ हॉस्टल से भागीं 61 स्टूडेंट्स का गुस्सा उबाल पर था। वहीं, मामले में DSE अभय कुमार ने कहा कि मैटर सीरियस है। बच्चियों को रात में यहां तक आना पड़ा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। पूरे मामले की तह तक जांच की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

दिल्ली में भव्य रोड शो
पीएम मोदी ने आज यानी 16 जनवरी को दिल्ली में भव्य रोड शो किया। यह रोड शो संसद मार्ग के पटेल चौक से लेकर नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद के कन्वेंशन सेंटर तक किया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ पीएम मोदी का स्वागत किया गया। पीएम ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। रोड शो में सुरक्षा का तगड़ा इंतजाम किया गया था। करीब एक किलोमीटर लम्बे इस रोड शो के दरम्यान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़क के दोनों ओर खड़े थे। जगह-जगह स्टेज बनाये गये थे। डांस और सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये भारतीय संस्कृति की झलक को दिखाया जा रहा था। इलाके में जगह-जगह बीजेपी के झंडे और पोस्टर-बैनर लगाए गए थे। वहीं, पीएम मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कटआउट भी लगाये गये थे।

सीएम हेमंत सोरेन ने केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन से तिरुवनंतपुरम में मुलाकात की
सीएम हेमंत सोरेन ने केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन से तिरुवनंतपुरम में मुलाकात की। उनकी यह मुलाकात शिष्टाचार मुलाकात थी। इस मौके पर दोनों मुख्यमंत्रियों ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। दोनों राज्य के मुख्यमंत्री ने हर क्षेत्र में एक दूसरे का सहयोग करने की बात कही। इसके अलावा सीएम हेमंत सोरेन ने केरल की तर्ज पर झारखंड के पर्यटन को विकसित करने में सहयोग करने का आग्रह किया। केरल के पर्यटन सचिव केएस श्रीनिवास ने सीएम हेमंत के सामने केरल के टूरिज्म को लेकर प्रेजेंटेशन दिया। इस मौके पर पर्यटन मंत्री के पीए मुहम्मद रियाज, केरल के मुख्य सचिव डॉ वीपी जॉय सहित अन्य मौजूद थे।

पुनि मरांडी ने अपनी बीवी को जान से मार डाला
नशे की बुरी लत ने एक हंसते -खेलते परिवार को तबाह कर दिया। इल्जाम है कि दारू के नशे में पुनि मरांडी ने अपनी बीवी को जान से मार डाला। उसके घरवालों का कहना है कि पुनि मरांडी को नशा करने की लत थी। वह रोज नशे में धुत होकर घर आता। इस वजह से अक्सर घर में कलह हुआ करता था। बीती रात भी वह नशे में टुन्न हो कर घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर बीवी हुलूर मुर्मू के साथ बहस शुरू हो गई। बात बिगड़ी और पुनि मरांडी ने एक पत्थर उठा बीवी के सिर पर दे मारा। बीवी का सिर फट गया और खून बहने लगा। उसकी चीख सुन आसापस के लोग वहां पहुंच गये। देखा कि जमीन पर लहूलुहान हुलूर मुर्मू बेजान पड़ी थी। मौत की फैली खबर पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने हुलूर की डेड बॉडी को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस पति पुनि मरांडी को अरेस्ट कर आगे की कार्रवाई में जुट गई। यह वारदात पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मांझीटोला से सामने आई है।

धनबाद की केंदुआडीह पुलिस ने दो मोस्ट वांटेड क्रिमिनल्स को धर दबोचा
धनबाद की केंदुआडीह पुलिस ने दो मोस्ट वांटेड क्रिमिनल्स को धर दबोचा है। गिरफ्तार अपराधियों में सुकरा राम उर्फ सुजीत राम और शशि रंजन राम शामिल हैं। रंगदारी, डकैती, लूट जैसे संगीन वारदातों को बेखटके अंजाम देना इनकी फितरत है। डीएसपी अरविंद कुमार ने मीडिया को बताया कि इंफॉरमेशन मिली थी कि गोधर 14 नंबर कोल डम्प के पास दो अपराधी घूम रहे हैं। किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। मिली सूचना पर केंदुआडीह थानेदार सुरेंद्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ कोल डम्प के पास पहुंचे। पुलिस पर नजर पड़ते ही दोनों वहां से भागने लगे। पुलिस ने खदेड़ कर दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देसी कट्टा और दो गोली जब्त की गई है। दोनों क्रिमिनल्स पहले भी जेल की हवा खा चुके हैं। पुलिस फाइल में सुकरा के खिलाफ 5 और शशि के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।

नक्सलियों के खिलाफ झारखंड पुलिस का इकबाल बुलंद
नक्सलियों के खिलाफ झारखंड पुलिस का इकबाल बुलंद है। नक्सलियों के गढ़ बूढ़ा पहाड़ और कई ठिकानों को फतह करने के बाद आज दुमका पुलिस और एसएसबी को बड़ी कामयाबी मिली है। नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गये भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए हैं। दुमका पुलिस और एसएसबी की 35वीं वाहिनी को यह विस्फोटक सर्च ऑपरेशन के दरम्यान मिले। सुरक्षाबल शिकारीपाड़ा के करकट्टा पहाड़ के जंगली इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान उन्हें ये तबाही के सामान मिले। बरामद समानों में 220 जिलेटिन की छड़ें, 411 पीस डेटोनेटर, नक्सलियों के 49 पीस बैज, 50 मीटर तार और नक्सली साहित्य शामिल हैं। गणतंत्र दिवस से पहले इतने बड़े पैमाने पर विस्फोटक बरामद करना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

मंत्री चंपई सोरेन को एयरलिफ्ट कर चेन्नई भेजा गया
आदिवासी कल्याण सह परिवहन विभाग के मंत्री चंपई सोरेन को एयरलिफ्ट कर चेन्नई भेजा गया है। उन्हें विशेष विमान से भेजा गया है। उनकी तबीयत बिगड़ गई है। यहां याद दिला दें कि बीते 14 जनवरी की रात उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया था। मंत्री चंपई सोरेन के एक करीबी ने बताया कि उन्हें काफी कमजोरी महसूस हो रही थी। वहीं, शुगर लेवल भी उपर-नीचे हो रहा था। टीएमएच में इलाज के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें चेन्नई के अपोलो हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया है। करीबी ने बताया कि मंत्री चंपई सोरेन अभी बात कर रहे हैं। फिलहाल घबराने वाली बात नहीं है। उनका इलाज चेन्नई अपोलो के डॉक्टरों की देखरेख में चलता है। बीते कुछ दिनों से बार-बार फीवर भी हो जा रहा था, तो टीएमएच से उन्हें चेन्नई में ही दोबारा चेकअप कराने की सलाह दी गई।

BIT मेसरा ओपी का घेराव
कॉलेज स्टूडेंट अनिशा कुमारी की मौत से बौखलाए लोगों ने आज BIT मेसरा ओपी का घेराव किया। वहीं पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर पुलिस को खूब कोसा। गुस्साये लोगों का इल्जाम था कि इंटर की छात्रा अनिशा को मारकर फांसी पर लटका दिया गया। अनिशा के पिता सरदीप राम ने 3 संदेही गुनहगारों के नाम और ठिकानों तक के बारे में पुलिस को बताया है। उनका इल्जाम है कि अनिशा घर में जब अकेली थी तब 3 लड़के उनके घर में घुस आये और उसके साथ गलत कर उसे मारकर फांसी के फंदे पर लटका दिया। बतौर मुआवजा 25 लाख रुपये की डिमांड की जा रही थी। वहीं परिवार के एक सदस्य को नौकरी और कुकर्मियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की गयी। मौके पर पहुंचे सदर के थानेदार और अन्य पुलिस अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरे मामले का अनुसंधान कर रही है। जांच में जो कोई दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद थाना का घेराव हटा लिया गया।

साइबर क्रिमिनल को झारखंड सीआईडी की टीम ने दबोचा
लोगों के खून-पसीने की गाढ़ी कमाई को उनके खाते से ही उड़ा लेने वाले एक साइबर क्रिमिनल को झारखंड सीआईडी की टीम ने दबोचा है। इस शातिर साइबर ठग को असम से गिरफ्तार कर रांची लाया गया है। गिरफ्तार ठग का नाम गणेश मंडल है। लोगों के खाते से पैसे उड़ाने के लिए इसे किसी OTP या पासवर्ड की जरूरत नहीं पड़ती। यह लोगों के फिंगरप्रिंट का क्लोन बनाकर उनके पैसे उड़ा लेता है। इल्जाम है कि गणेश मंडल ने रांची के अवध पोद्दार को भी अपना शिकार बनाया था। अवध के खाते से गणेश ने ढाई लाख रुपये उड़ा लिए थे। इसके बाद अवध ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जांच का जिम्मा सीआईडी को मिला था। जांच शुरू की गई। टेक्निकल सेल की भी मदद ली गई। संदेही गुनहगार गणेश मंडल का लोकेशन ट्रेस किया गया। उसका लोकेशन असम में मिला। सीआईडी की गठित टीम ने छापेमारी की और असम से गणेश मंडल को दबोच लिया। सीआईडी ने बताया कि गणेश बायोमेट्रिक का क्लोन बना कर AEPS के जरिये पैसे खाते से निकाल लेता था। विभिन्न बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र से लोगों के पैसे उड़ाता था।

एक सूत्री मांग ‘सेवा स्थायीकरण’ के लिए आक्रोश मार्च निकाला
कांट्रैक्ट पर काम कर रही ANM/GNM नर्स और अनुबंधित पारा मेडिकलकर्मियों का गुस्सा आज राजधानी रांची की सड़कों पर दिखा। राज्य भर के अलग-अलग जिलों से आये ANM/GNM नर्स और अनुबंधित पारा मेडिकलकर्मी मोरहाबादी मैदान से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे थे। अपनी एक सूत्री मांग ‘सेवा स्थायीकरण’ के लिए आक्रोश मार्च निकाला था। मोरहाबादी मैदान से निकल जब राजभवन के पास पहुंचे तो उन सबको रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस से उनकी झड़प हो गई। वहीं, बैरिकेडिंग भी टूट गई। आंदोलनकर्मी नहीं रुके। पुलिस की मौजूदगी में अपने हाथों में बैनर और तख्तियां लिए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ गये। आंदोलन कर रहे अनुबंधित नर्सों का कहना है कि अब निर्णायक आंदोलन होगा। कल यानी 17 जनवरी से राजभवन के पास अनिश्चितकालीन धरना, हड़ताल और 24 जनवरी से आमरण अनशन की तैयारी है। झारखंड अनुबंधित पारा चिकित्साकर्मी संघ और झारखंड अनुबंधित फिजियोथेरेपी संघ ने भी NHM कर्मियों के आंदोलन को समर्थन दिया है।

ऋषभ पंत ने अपने हर एक मददगार का शुक्रिया अदा किया
टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत ने अपने हर एक मददगार का शुक्रिया अदा किया है। सड़क हादसे के बाद पहली बार पंत ने ट्वीट किया। उन्होंने इस बात का जिक्र किया है कि उनके पैर की सर्जरी कामयाब रही, वापसी का सफर शुरू हो चुका है। ऐन वक्त पर जलती कार से बाहर आ जाने से उनकी जान बच गयी। यहां याद दिला दें कि बीते 30 दिसंबर को दिल्ली से घर जाते समय रुड़की में उनकी कार डिवाइडर से टकरा गयी थी। भला हो उन लोगों का जिनकी मदद से उनकी जान बच गयी। पंत ने ट्वीट में लिखा कि “मैं सभी समर्थन और शुभकामनाओं के लिए विनम्र और आभारी हूं। मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरी सर्जरी सफल रही। रिकवरी का सफर शुरू हो गया है और मैं आगे की चुनौतियों के लिए तैयार हूं। अविश्वसनीय समर्थन के लिए बीसीसीआई, जय शाह और सरकारी अधिकारियों का धन्यवाद।” संभावना है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले टेस्ट सीरीज के आखिरी 2 मैच में वह नजर आ सकते हैं।
















