JMM सुप्रीमो शिबू सोरेन और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी का जन्मदिन मनाया गया
गरीब उत्पीड़ित जनजातीय समाज के भाग्यविधाता के रूप में उभरे JMM सुप्रीमो शिबू सोरेन आज 79 साल के हो गए। उनकी संघर्ष की गाथा को कार्यकर्ताओ ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ याद किया। 79 पाउंड्स का केक काट उनका जन्मदिन मनाया। गुरु जी ने खुद केक काटा। अपनी माटी और समाज के प्रति अटूट प्रेम और क्रांतिकारी विचार और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले गुरु जी का जन्म 11 जनवरी 1944 को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में हुआ। उनके बेटे CM हेमंत सोरेन ने अपने पिता के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं आज झारखंड के पहले मुख्यमंत्री भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी का जन्मदिन भी मनाया गया। उनका जन्म 1958 में गिरिडीह के कोदाईबांक गांव में हुआ था।

CRPF 6 जवान घायल
एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ सुरक्षाबलों की जमकर मुठभेड़ हुई। नक्सलियों द्वारा किए गए IED ब्लास्ट में 6 जवान घायल हो गए। सभी जवान कोबरा 209 बटालियन के बताये गए। घायल जवानों को हेलिकॉप्टर से रांची लाया गया। साल 2023 का यह पहला मुठभेड़ चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र के सर्जनबुरु इलाके में हुई। मिली गुप्त सूचना पर पुलिस जैसे ही इलाके में घुसी, मुठभेड़ शुरू हो गयी। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली भाग निकले। सर्च अभियान जारी है। अभियान में बम निरोधक दस्ता भी शामिल है। घायलों में अजय लिंडा, आलोक दास, शाहरुख खान, भरत सिंह राय, मुकेश कुमार सिंह और बीरपाल सिंह तोमर शामिल हैं।

डॉक्टर एसपी द्विवेदी की क्लिनिक में जमकर तोड़फोड़
मामूली सर्दी-खांसी और बुखार का इलाज कराने गए संजय की जान चली गयी। इल्जाम है कि उसे जैसे ही एक एंटीबायोटिक इंजेक्शन दिया गया, उसकी हालत बिगड़ गयी और कुछ ही देर में वह मर गया। इसके बाद डॉक्टर एसपी द्विवेदी चुपके से वहां से खिसक गए। संजय की मौत ने बाद गुस्साये लोगों ने डॉक्टर एसपी द्विवेदी की क्लिनिक में जमकर तोड़फोड़ की। झुमरी तिलैया में रोड जाम कर दिया। लगभग 45 साल का संजय तिलैया थाना क्षेत्र के बजरंग नगर का रहने वाला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर रोड जाम हटवाया। थाने में डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

23 जनवरी को दुनिया का सबसे लंबा क्रूज साहिबगंज पहुंचेगा
23 जनवरी को दुनिया का सबसे लंबा पानी वाला जहाज साहिबगंज पहुंचेगा। 13 जनवरी को पीएम मोदी इस जहाज को वाराणसी में हरी झंडी दिखाएंगे। यह जहाज बनारस से चल कर 23 जनवरी की शाम साहिबगंज पहुंचेगा। रातभर यही रुकेगा। दूसरे दिन सुबह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाएगा। इधर, साहिबगंज के DC रामनिवास यादव ने मीडिया को बताया कि बंदरगाह पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। क्रूज में आने वाले लोगों का जोरदार स्वागत किया जाएगा। यह लग्जरी क्रूज भारत और बांग्लादेश के पांच राज्यों में नदियों की कार्गो ट्रैफिक को बढ़ाने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देने का काम करेगा। 50 पर्यटन स्थलों की यात्रा 51 दिनों में पूरा कर यह क्रूज डिब्रूगढ़ पहुंचेगा।

पूसा पहाड़िया की बड़ी बेरहमी से हत्या
साहिबगंज के जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र में बीती रात के एक जवान लड़के पूसा पहाड़िया की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। लगभग 29 साल का पूसा रात में अपने घर में खाना खाने बैठा था, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और उसे बाहर बुलाया। आवाज सुनकर पूसा घर से बाहर निकला, उसे देखते ही बदमाशों ने घातक हथियारों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या किसने और क्यों की इसका खुलासा नहीं हो पाया है मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस तफतीश में जुट गई है। परिवार के एक सदस्य को पुलिस ने कस्टडी में लिया है।

अमेरिका में 1200 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित
कंप्यूटर में गड़बड़ी के चलते पूरे अमेरिका में आज 1200 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुई हैं। करीब 93 उड़ानों को कैंसिल करना पड़ा है। यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) का नोटिस टू एयर मिशन सिस्टम पायलटों और अन्य उड़ान कर्मियों को खतरों या हवाई अड्डे की सुविधा सेवाओं में किसी भी बदलाव के बारे में अलर्ट करती है। इसके जरिए अन्य सिस्टमों को भी अपडेट किया जाता है। आज यह सिस्टम काम नहीं कर रहा था। इसलिए अमेरिका में विमान सेवाओं पर असर पड़ा। यह जानकारी अमेरिकी नागरिक उड्डयन नियामक की वेबसाइट के हवाले से दी गई।

FCI घोटाले के मामले में CBI का छापा
FCI घोटाले के मामले में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ सहित 50 से ज्यादा स्थानों पर CBI का छापा पड़ा। इस छापेमारी में अलग-अलग केंद्रों से केस से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए गये । वहीं करीब 60 लाख रुपये नकद मिलने की बात सामने आई है। FCI के DGM राजीव मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। करीब 74 लोगों पर केस दर्ज किया गया। अधिकारी, राइस मिल मालिक और अनाज जमा करने वाली कंपनियों पर घटिया अनाज खरीद कर FCI को ऊंचे दामों पर बेचने का इल्जाम है। CBI इस मामले की जांच कर रही है।

एक छात्रा की डेड बॉडी मिली
राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित श्रेया गर्ल्स हॉस्टल में रह रही एक छात्रा की डेड बॉडी फांसी के फंदे पर लटकी हालत में मिली। छात्रा शगुफ्ता परवीन यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह बोकारो के ललपनिया की रहनेवाली थी। खबर पाकर मौके पर पहुंची लालपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस को पता चला है कि छात्रा रांची वीमेंस कॉलेज में कॉमर्स की पढ़ाई कर रही थी। उसकी एक सहेली ने पुलिस को बताया कि थर्ड सेमेस्टर में उसे प्रमोट नहीं किया गया था। इससे वह बहुत गुमसुम और खामोश रहा करती थी। हालांकि पुलिस हर बिंदु पर गहराई से तहकीकात कर रही है।

3 जवानों की मौत
जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में नियंत्रण के बॉर्डर पर फिसल कर तीन जाबांज सैनिक गहरी खाई में गिर गये। तीनों बहादुर जवानों की डेड बॉडी मिल गई है। इनकी पहचान JCO पुरुषोत्तम कुमार, हवलदार अमरीक सिंह और सिपाही अमित शर्मा के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तीनों बहादुर जवान बीती रात गश्ती पर थे। तभी संकरे रास्ते पर बिछी बर्फ की मोटी पर्त टूट गई। तीनों फिसलकर तीनों गहरी खाई में गिर गये।

जमीन कारीबरी की हत्या
देवघर में आज सुबह जमीन कारोबारी लक्ष्मी प्रसाद यादव की गोली और बम मारकर हत्या कर दी गई। वो आज सुबह साढ़े 6 बजे कोरियासा स्कूल के पास एक गुमटी में चाय पीने के लिए गये थे। उसी समय दो अलग अलग बाइक पर 6 बदमाश वहां पहुंचे। सबसे पहले लक्ष्मी यादव को दो बम मारे गये। इसके बाद लहूलुहान जमीन कारोबारी को गोली मार दी गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हत्या किसने और क्यों की इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। हत्यारों को खोजने के लिए पुलिस ने एक स्पेशल टीम बनाई है।

बिहार में पुलिस पर हमला, 16 गाड़ियां फूंकीं
बक्सर में आंदोलित किसानों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। करीब 16 गाड़ियों को फूंक दिया गया। थर्मल पावर प्लांट के कई JCB भी जला दिए गए। पुलिस की गाड़ियों की जमकर तोड़फोड़ की गई। हालत इतनी बिगड़ गई की पुलिस ने फायरिंग कर बिगड़े हालात को काबू में किया। आंदोलित किसानों ने पुलिस पर कई तरह के इल्जाम लगाये है। उनका कहना था कि किसान अपनी मांगों को लेकर प्लांट के मुख्य गेट पर ताला लगा वहीं धरने पर बैठ गए। उसी समय पता चला की पुलिस कुछ निर्दोष लोगों को उठाकर गांव से ले गई है। इसके बाद किसानों का गुस्सा उबाल पर आ गया और मामला बिगड़ गया। जमीन अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर किसान कई दिनों से आंदोलन पर है।















