UP : यूपी के सोनभद्र से सिस्टम को आईना दिखाती तस्वीर सामने आई है। जिस सड़क पर कभी गांव की जिंदगी दौड़ती थी, आज वहां घुटनों तक पानी, कीचड़ और गड्ढों का राज है। बरसात ने सड़क और खेत के बीच का फर्क ही मिटा दिया तो झसिया गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को ग्रामीण जलजमाव वाली सड़क पर धान की रोपाई कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बारिश होते ही सड़क बन जाती है ‘तालाब’
ग्रामीणों के मुताबिक गांव का मुख्य रास्ता बरसात शुरू होते ही जलभराव की चपेट में आ जाता है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिनमें पानी भरते ही पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी किसी परीक्षा से कम नहीं। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। रोजमर्रा के काम से बाहर निकलने वाले ग्रामीणों को भी पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। कई ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार ग्राम पंचायत, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई।हर बार उम्मीद जगी कि अब रास्ते की तस्वीर बदलेगी, लेकिन बारिश आते ही वही पुरानी कहानी फिर सामने आ जाती है। गड्ढे, पानी, कीचड़ और बेबसी। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क का निर्माण या मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन जारी रखा जायेगा।















