Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग के बड़कागांव प्रखंड में एक निजी नर्सिंग होम “न्यू झारखंड नर्सिंग होम” पर गंभीर इल्जाम लगे हैं। यह नर्सिंग होम बिना मानकों के आयुष्मान योजना चला रहा है और मरीजों को गैर-जरूरी ऑपरेशन के लिये मजबूर किया जा रहा है। यहां याद दिला दें कि झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुये कहा है कि कोई भी नर्सिंग होम 50 बेड से कम होने पर आयुष्मान योजना नहीं चला सकता। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई अस्पताल या नर्सिंग होम नियमों का उल्लंघन करता है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। स्थानीय कुछ लोगों का इल्जाम है कि 3 बेड वाले इस नर्सिंग होम में मामूली बीमारियों का भी ऑपरेशन कर दिया जा रहा है। इल्जाम है कि जो बीमारी दवाइयों से ठीक हो सकती है, उस बीमारी में भी छोटा-मोटा ऑपरेशन कर दिया जाता है। मरीजों को यह कहकर गुमराह किया जा रहा है कि ऑपरेशन के बाद आगे के इलाज में कोई खर्च नहीं लगेगा। अस्पताल प्रबंधन आयुष्मान कार्ड का दुरुपयोग करके मोटी कमाई करने में जुटा हुआ है। सरकारी अधिकारियों को इस गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। सुनें क्या बोले हजारीबाग के सिविल सर्जन सरजू प्रसाद सिंह और बड़कागांव के चिकित्सा प्रभारी अविनाश कुमार…..












