Kohramlive : रिजर्व बैंक ने मौद्रिक नीति समीक्षा में आम लोगों को बड़ी राहत देते हुये रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती कर दी है। अब रेपो रेट 5.50% से घटकर 5.25% हो गई है। गवर्नर संजय मल्होत्रा ने साफ कहा कि यह फैसला तुरंत लागू होगा। यानी होम लोन से लेकर बाकी कर्जों तक अब सबकी EMI पर असर दिखना तय है। 6 सदस्यीय MPC ने यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया। CRR 3% पर यथावत है, जबकि SDF और MSF दरें भी बिना बदलाव के बनी हुई हैं। लिक्विडिटी बढ़ाने के लिए RBI ने इस महीने 1 लाख करोड़ रुपये के OMO बाइंग और 5 अरब डॉलर के 3-वर्षीय USD/INR स्वैप का ऐलान भी किया है। इसका मकसद बाज़ार में पर्याप्त नकदी बनाये रखना है। दिलचस्प बात यह है कि 2025 में यह चौथी दर कटौती है। फरवरी, अप्रैल और जून के बाद दिसंबर में हुई इस कटौती से अब तक कुल 125 बेसिस पॉइंट यानी 1.25% की राहत मिल चुकी है। आर्थिक मोर्चे पर गवर्नर का कहना है कि पिछला महीना भले चुनौतीपूर्ण रहा हो, लेकिन आगे हालात बेहतर दिख रहे हैं। दूसरी तिमाही में 8.2% रियल GDP ग्रोथ और पहली छमाही में 8% अनुमानित वृद्धि इसका सबूत है। फैसले का सीधा असर शेयर बाजार में भी दिखा। सेंसेक्स 200 अंक उछलकर 85,500 के ऊपर, जबकि निफ्टी 26,110 पर पहुंच गया। निफ्टी बैंक में भी जबरदस्त 364 अंकों की तेजी देखी गई।






