Palamu : गणतंत्र दिवस के मौके पर पलामू से झारखंड सरकार ने बड़ी सौगात का संकेत दिया है। राज्य की सभी लड़कियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसकी जानकारी वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पलामू के पुलिस स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुये दी। वित्त मंत्री ने बताया कि हाल ही में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ हुई बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया है और इसके लिए केंद्र से सहयोग मांगा गया है। उन्होंने साफ कहा कि झारखंड सरकार बेटियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने जा रही है। राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि दिशोम गुरु को पद्म विभूषण मिलना राज्य के लिए गर्व की बात है। साथ ही उन्हें भारत रत्न दिये जाने को लेकर झारखंड विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है।
धान खरीद और सिंचाई पर चिंता
वित्त मंत्री ने पलामू में धान खरीद की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई और जिला प्रशासन को खरीद प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विशेष केंद्रीय सहायता बंद किया जाना चिंता का विषय है, जिसे दोबारा शुरू किया जाना चाहिये। उन्होंने बताया कि राज्य में 24 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि है, लेकिन 25 साल में सिर्फ 12 लाख हेक्टेयर तक ही सिंचाई सुविधा पहुंच पाई है। मुख्य समारोह में वित्त मंत्री ने झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा, DIG किशोर कौशल, DC समीरा एस, SP रीष्मा रमेशन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






