Bihar : बेतिया की धरती से CM नीतीश कुमार ने साफ शब्दों में ऐलान कर दिया कि अब बिहार रुकने वाला नहीं है। समृद्धि यात्रा की शुरुआत पश्चिम चंपारण से करते हुये CM ने विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और खेल, हर मोर्चे पर बड़े और निर्णायक फैसलों का रोडमैप जनता के सामने रखा। सभा को संबोधित करते हुये CM नीतीश कुमार ने कहा “अब कभी भी हमलोग पीछे नहीं होंगे। बहुत आगे बढ़ेंगे। जिलों का विकास होगा, केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल—हर क्षेत्र में ऐतिहासिक काम होंगे।” मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए विपक्ष को घेरते हुये कहा कि “काम तो हमलोग ही करते हैं, केंद्र सरकार भी साथ देती है। कुछ लोग बस इधर-उधर की बातें करते हैं। जब वे सत्ता में थे, तब राज्य का क्या हाल था, जनता जानती है।” CM ने बताया कि जिले के लिए 8 बड़ी योजनाएं पहले ही स्वीकृत है, जिसका काम तेज़ी से जारी है। गंडक पार प्रखंडों के लिए डिग्री कॉलेज शुरू, बेतिया की मुख्य सड़कों का चौड़ीकरण, बेतिया स्टेडियम में आधुनिक सुविधायें, बाइपास निर्माण, औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार, मननपुर से यूपी बॉर्डर और इनरवा से वाल्मीकिनगर तक नई सड़कें, लव-कुश पार्क का निर्माण हो रहा है।

हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज, आदर्श विद्यालय
नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब हर प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज होगा। एक-एक आदर्श विद्यालय, बिहार के युवाओं को अब रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य में बड़े फैसले
CM ने बताया कि लड़कियों के लिए साइकिल, पोशाक, छात्रवृत्ति, अब तक 5 लाख 24 हजार शिक्षकों की बहाली, हर जिले में मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार और सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर रोक के लिए नीति लाई जायेगी।
हर घर बिजली, अब छतों पर सोलर
राज्य के हर घर तक बिजली, अब हर घर की छत पर सोलर सिस्टम लगाने की योजना, महिलाओं और वृद्धा पेंशन में बढ़ोतरी, महिलाओं और रोजगार पर फोकस होगा। खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जायेगी। बंद चीनी मिलें फिर चालू होंगी। हर पंचायत में सुधा दूध बिक्री केंद्र होगा। बेतिया अस्पताल को विशिष्ट (सुपर स्पेशलिटी) अस्पताल बनाया जायेगा। CM ने 153 करोड़ की लागत से 125 योजनाओं का शिलान्यास और 29 करोड़ की लागत से 36 योजनाओं का उद्घाटन किया। मौके पर दोनों डिप्टी CM सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, आपदा मंत्री नारायण साह समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।












