Ranchi : संघर्ष, बलिदान और उम्मीदों की धरती झारखंड अब विकास की नई इबारत लिखने की तैयारी में है। राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन और सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर खेलगांव में आयोजित शानदार समारोह में CM हेमंत सोरेन ने विकास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर लगभग 9 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड को वर्ष 2050 तक देश के विकसित और अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है। CM ने झारखंड के 26 वर्ष के सफर को संघर्ष और उतार-चढ़ाव से भरा बताते हुये राज्य निर्माण के आंदोलनकारियों और मार्गदर्शकों को नमन किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान को याद किया। कहा कि अलग राज्य के लिये संघर्ष करने वाली पीढ़ी के कई अगुआ आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका सपना नई पीढ़ी के कंधों पर है।
9 हजार करोड़ से विकास को मिलेगी नई गति
खेलगांव में आयोजित समारोह के दौरान राज्य के विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। सरकारी विवरण के अनुसार, 5,941.86 करोड़ रुपये की लागत से 823 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जबकि 3,155.73 करोड़ रुपये की लागत से 820 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से आधारभूत संरचना, शिक्षा, जनकल्याण और विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। CM ने कहा कि झारखंड में संसाधनों और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की है।
जल, जंगल, जमीन ही झारखंड की असली पहचान
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि जल, जंगल, जमीन, पहाड़, नदी और नाले केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि झारखंड के लोगों के जीवन का आधार हैं। इन्हें संरक्षित करना आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिये जरूरी है। उन्होंने कहा कि झारखंड ने अपनी खनिज संपदा के माध्यम से सदियों तक देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन राज्य के आदिवासी और मूलवासी लंबे समय तक अपने हक-अधिकार और विकास की दौड़ में पीछे रहे। अब समय है कि नई पीढ़ी इस पिछड़ेपन को दूर करने का संकल्प ले और झारखंड को विकास के हर क्षेत्र में अग्रणी बनाये।
50 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंच रही आर्थिक सहायता
CM हेमंत सोरेन ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुये कहा कि राज्य में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम-से-कम 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। सम्मान राशि से महिलायें छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि राज्य के भीतर ही रोजगार के अवसर और सुरक्षित वातावरण तैयार किया जाए, ताकि महिलायें सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बन सकें। वहीं, शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर CM हेमंत सोरेन ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराया जायेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को भोजन की चिंता से मुक्त कर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर देना है।CM हेमंत सोरेन ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण बच्चों की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिये। सरकार विद्यालयों के उन्नयन, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना और छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था के लिये लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय आर्थिक कमी से जूझने वाले विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मोबाइल और लैपटॉप जैसी सुविधायें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य का युवा वर्ग समृद्ध झारखंड के निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। युवाओं को बेहतर दिशा देने और उनके सर्वांगीण विकास के लिये सरकार लगातार सकारात्मक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है उन्हें सही अवसर, संसाधन और मार्गदर्शन देने की। CM हेमंत सोरेन ने युवाओं से राज्य के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया और कहा कि नई पीढ़ी के संकल्प और सामूहिक प्रयास से झारखंड नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकता है। वहीं, स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों और पंचायतों से आई महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाये। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिला और महिला समूहों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला। उन्होंने बताया कि झारखंड के उत्पादों को उचित बाजार दिलाने, जीआई टैगिंग और ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था पर काम किया जा रहा है। हाल ही में दिल्ली ट्रेड फेयर में झारखंड पवेलियन के माध्यम से महिलाओं ने अपने हुनर और उत्पादों का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों की बिक्री से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है।
2050 तक विकसित राज्यों के समकक्ष होगा झारखंड
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि विकास की गति देर से शुरू होने के कारण कई राज्य आगे निकल गये, लेकिन अब झारखंड में भी बदलाव दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित और अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना है। इसके लिये विकास की रफ्तार तेज करनी होगी और हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य की सवा तीन करोड़ जनता, विशेषकर युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार की सोच और प्रतिबद्धता स्पष्ट है। झारखंड ने अपनी अलग पहचान स्थापित की है और अब विकास के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित करनी है। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को विशिष्ट सेवाओं एवं वीरता के लिये झारखंड मुख्यमंत्री पदक प्रदान किया गया। विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मी, खिलाड़ी तथा कलाकार भी सम्मानित हुए। मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप देकर प्रोत्साहित किया गया। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि मेहनत, प्रतिभा और समर्पण से आगे बढ़ने वाले युवाओं को सम्मानित करना राज्य के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जेल सुधार और पर्यावरण संरक्षण पर भी पहल
समारोह में जेलों में बंदियों के मानवीय व्यवहार से संबंधित The Jharkhand Prison Journal 2025 पुस्तिका का विमोचन किया गया। वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से निर्मित फिल्म ‘अरण्य’ का टीजर भी प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और वन संपदा के महत्व को सामने रखने का प्रयास किया गया। CM हेमंत सोरेन और विशिष्ट अतिथियों ने समारोह स्थल के निकट विभिन्न विभागों की ओर से लगाये गये स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभागीय उपलब्धियों की जानकारी ली। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद अस्तित्व में आया है। यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है और अपने हक-अधिकार के लिए हर कानूनी और राजनीतिक संघर्ष करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़ा केवल उत्सव नहीं, बल्कि राज्य के विकास के लिए नए संकल्प लेने का अवसर है। अब झारखंड को अपनी प्राकृतिक संपदा, युवा शक्ति और सामूहिक प्रयासों के बल पर नई पहचान बनानी है।






