Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के DC पशुपति नाथ मिश्रा आज अचानक रमना प्रखंड पहुंच गये, कई जगहों पर सरकारी सिस्टम की सुस्ती खुलकर सामने आ गई। कहीं कर्मचारी कुर्सी से गायब मिले, तो कहीं बच्चों के लिये चलने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताले लटके मिले। यह सबकुछ जान-सुन DC का तेवर सख्त हो गया। सरकारी दफ्तरों में पसरी लापरवाही देखकर DC ने मौके पर ही नाराजगी जताई और अनुपस्थित कर्मियों का अगले आदेश तक एक दिन का वेतन और मानदेय रोकने का निर्देश दे दिया। DC ने साफ शब्दों में कहा कि समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने से सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित होता है और इसका सीधा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ता है। समयपालन में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी और कर्मचारी सुबह 10 बजे तक हर हाल में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
आंगनबाड़ी केंद्रों की हकीकत देखकर दंग रह गये DC
दफ्तरों के बाद उपायुक्त का काफिला गांवों की तरफ बढ़ा। लेकिन वहां जो तस्वीर सामने आई, उसने प्रशासन को और ज्यादा सख्त कर दिया। निरीक्षण के दौरान जोड़वनिया टोला आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद मिला। बाद में पहुंची सहायिका ने बताया कि केंद्र की चाबी सेविका रंजू देवी के पास रहती है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी खुलकर शिकायत कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक, केंद्र नियमित नहीं खुलता। कभी-कभार सिर्फ खिचड़ी बनाने के लिये ताला खुलता है, लेकिन बच्चों की पढ़ाई लगभग बंद रहती है।
घर से चल रहा था आंगनबाड़ी केंद्र
मड़वनिया टोला केंद्र की स्थिति और भी चौंकाने वाली निकली। यह केंद्र भी बंद मिला और वहां एक भी बच्चा मौजूद नहीं था। जांच में पता चला कि सेविका रीता देवी नियमों को ताक पर रखकर केंद्र का संचालन अपने घर से कर रही थीं। 18 मई के बाद से वह केंद्र से गायब थीं और पूरा काम सहायिका के भरोसे छोड़ दिया गया था। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर सहायिका कुमारी सबिता भी अनुपस्थित मिलीं। बच्चों की उपस्थिति पंजी तक नहीं भरी गई थी। वहीं, आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा मिला। भवन में खिड़की और दरवाजे तक नहीं लगे थे। बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं में इतनी बड़ी लापरवाही देखकर DC पशुपति नाथ मिश्रा का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तत्काल उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू को निर्देश दिया कि जोड़वनिया की सेविका रंजू देवी, मड़वनिया की सेविका रीता देवी और सहायिका कुमारी सबिता को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाये। यह आदेश मौके पर ही जारी कर दिया गया।
अब लगातार होंगे औचक निरीक्षण
DC पशुपति नाथ मिश्रा ने साफ संकेत दे दिये हैं कि अब सरकारी दफ्तरों में ढिलाई और योजनाओं में लापरवाही नहीं चलेगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जायेगा। गढ़वा में अब प्रशासनिक कार्यसंस्कृति सुधारने के लिये ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : DJ की धुन पर नाच रहा था गांव, रिश्तेदारों की दूरी बना खू’नी तूफान…
इसे भी पढ़ें : 20 करोड़ के मकान में मिली दो ला’शें, जिंदगी में कोई अपना नहीं!
इसे भी पढ़ें : DC बोले, दो दिन में काम पर लौटें मनरेगा कर्मी, वरना…
इसे भी पढ़ें : बैंक परिसर में अचानक चली गो’ली, मचा तहलका…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत से मिले तेलंगाना के डिप्टी CM… देखें






