Saraikela : सरायकेला-खरसावां के खरसावां के दलाईकेला गांव में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। एक साथ चार युवकों की मौत हो गई। सभी युवक दलाईकेला के चेक डैम में नहाने गये थे, लेकिन तेज बहाव और बारिश के कारण बढ़े जल स्तर का अंदाजा न लग पाने के कारण डूब गये। स्थानीय लोगों ने जब उन्हें नाले में अचेत अवस्था में पाया, तो आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सिद्धेश्वर मंडल (17), हरिबास दास (20), मनोज साहू (20) और सुनील साहू (16) के रूप में हुई।सभी मृतक दलाईकेला गांव के ही रहनेवाले थे।
प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना पर खरसावां BDO प्रधान माझी, थानेदार गौरव कुमार और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजा गया है। घटना के बाद गांव में गहरा मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान लड़कों की मौत से मां-बाप बेसुध हैं।












