Sahibganj : साहिबगंज में बड़ा हादसा हो गया। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे गदाई दियारा क्षेत्र में गंगा की तेज धारा में एक नाव पलटने से चार युवक डूब गये। अब तक एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश गोताखोरों की मदद से जारी है। प्रशासन ने पुष्टि की है कि दुर्घटना उस समय हुई जब बरहड़वा प्रखंड क्षेत्र के बिंदुवासिनी मंदिर के समीपवर्ती गांवों से आये कुल 31 लोग नाव पर सवार थे। ये सभी लोग गंगा पार करके दियारा क्षेत्र में चूहा पकड़ने गये थे। यह क्षेत्र मानसून के दौरान जलमग्न हो जाता है, और इसी समय बिलों से चूहे बाहर आते हैं।
ओवरलोड नाव और उफनती गंगा बना मौत का कारण
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लौटते समय नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। उफनती गंगा की धार तेज थी और नाव असंतुलित होकर पलट गई। नाव पलटते ही सभी लोग नदी में जा गिरे। इनमें से 27 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि चार युवक तेज धार में बह गये।
मृतक की पहचान काहा हांसदा के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सदर अस्पताल भेजा गया है। लापता तीन युवकों की पहचान कृष्णा, जमाई और एक अन्य युवक के रूप में हुई है।
चूहा पकड़ने निकले युवकों में शामिल सपना दामुदा, सुबरा मरांडी और राम किस्कू ने बताया, “हम 17 लोग सुबह चूहा पकड़ने निकले थे। हमें पता ही नहीं था कि गंगा का जलस्तर इतना बढ़ चुका है। वापसी में अधिक लोग नाव पर सवार हो गये, जिससे संतुलन बिगड़ गया।”
प्रशासन अलर्ट मोड पर, NDRF बुलाई गई
जैसे ही घटना की सूचना मिली, रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया। साहिबगंज की DC हेमंत सती ने जानकारी दी है कि पटना के बिहटा से NDRF की विशेष टीम को बुलाया गया है। टीम बाढ़ समाप्त होने तक जिले में तैनात रहेगी और जान-माल की रक्षा सुनिश्चित करेगी। हेमंत सती ने कहा, “फिलहाल स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है।








