Dhanbad : धनबाद में बीती देर रात न्यू मधुबन स्थित BCCL की वाशरी में अचानक एक भीषण हादसा हो गया। करीब 100 फीट ऊंचा साइलो प्लांट तेज़ धमाके के साथ भरभराकर ढह गया। घटना रात 1 बजे के करीब हुई, गनीमत से उस वक्त मौके पर कम कर्मचारी मौजूद थे, वरना जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। एक कर्मी के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि बीसीसीएल प्रबंधन का दावा है कि ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
चश्मदीद ने सुनाई आपबीती
ड्यूटी पर तैनात कर्मी नरेश महतो ने बताया कि उन्हें पहले कुछ गिरने की आवाज़ आई और वह तुरंत बाइक से बाहर निकले। उनके अनुसार, एक कर्मी ऊपरी हिस्से में फंसा हो सकता है। मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी गोपाल महतो ने बताया कि राधा कंपनी का कर्मी धर्मेंद्र कुमार मलबे में फंसा हो सकता है।
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक संचालन की जिम्मेदारी चेन्नई की राधा इंजीनियरिंग प्रा. लि. के पास थी। वहीं बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने ठेकेदार कंपनी पर घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और लापरवाही के आरोप लगाये हैं। उन्होंने कंपनी पर FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
BCCL का बयान
वाशरी डिविजन के जीएम सोहेल इकबाल ने हादसे की पुष्टि की और बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि मलबे में किसी के फंसे होने की बात की जांच की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही विधायक समेत कई ट्रेड यूनियन नेता मौके पर पहुंचे और बीसीसीएल प्रबंधन व ठेकेदार कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किये।














