Kohramlive : टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर चल रहे भुवी को एक बार फिर भारतीय टीम की जर्सी पहनने का मौका मिला है। उन्हें हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया है। हांगकांग क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को भारतीय टीम का ऐलान किया। 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत समेत 12 टीमें हिस्सा लेंगी। भुवनेश्वर की कप्तानी वाली टीम में क्रुणाल पांड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी नटराजन शामिल हैं। भुवी ने आखिरी बार भारत के लिए वनडे और टी20 इंटरनेशनल 2022 में खेला था। इसके बाद से वह टीम इंडिया से बाहर हैं। अब करीब चार साल बाद वह फिर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते नजर आयेंगे।
पाकिस्तान से फिर भिड़ेगा भारत
भारत को पूल C में पाकिस्तान और UAE के साथ रखा गया है। पिछले सीजन में भारत ने पाकिस्तान को DLS नियम से 2 रन से हराया था, लेकिन बाद में कुवैत और UAE से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। हांगकांग सिक्सेस का क्रिकेट फॉर्मेट बेहद तेज है। 6 खिलाड़ियों की टीम, 6 ओवर का मैच और हर गेंद में रोमांच। यानी भुवनेश्वर कुमार के लिए कप्तानी की यह जिम्मेदारी बिल्कुल अलग अंदाज की चुनौती होगी।





