Hazaribagh : अपराध नियंत्रण और कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई के लिये बड़कागांव थानेदार दीपक कुमार सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के DIG अंजनी कुमार झा के सौजन्य और SP अमन कुमार के नेतृत्व में दिया गया। दीपक सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने गिरोह से जुड़े कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। अधिकारियों ने उनकी कार्यशैली की सराहना करते हुये अपराधियों के खिलाफ इसी तरह तेजी और सख्ती बनाये रखने का निर्देश दिया।
हाइवा फायरिंग के बाद लगातार कार्रवाई
25 जुलाई को NTPC पकरी बरवाडीह कोल माइंस की ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर हाइवा में फायरिंग के बाद बड़कागांव पुलिस ने लगातार छापेमारी की। इस दौरान सैयद मोहम्मद जीशान, अंकित पांडे, ओमप्रकाश पांडे उर्फ कौशल और कुणाल पांडे समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 9 सितंबर को तलसवार निवासी संदीप कुशवाह भी पकड़ा गया। थानेदार के कार्यकाल में नंदिनी ज्वेलर्स लूटकांड और बाबुपारा दोहरे हत्याकांड के उद्भेदन के साथ कई फरार वारंटियों की गिरफ्तारी भी हुई है।







