Kohramlive : बारिश का मौसम आते ही जंगलों की नदियां और नाले भी अपने रौद्र रूप में आ जाते हैं। पानी का बहाव इतना तेज हो जाता है कि इंसान तो दूर, जंगल के जानवरों के लिये भी एक किनारे से दूसरे किनारे जाना मुश्किल हो जाता है। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो लोगों का दिल जीत रहा है। वीडियो में तेज बहाव वाली नदी पार करता एक हाथी और उसका नन्हा बच्चा नजर आ रहा है। पानी का बहाव तेज है, बच्चा छोटा है और कदम-कदम पर खतरा दिखाई देता है। लेकिन उसके साथ चल रही बड़ी हथिनी उसे अकेला नहीं छोड़ती। नन्हे हाथी के संघर्ष और मां के साथ ने लोगों को भावुक कर दिया है। वीडियो की शुरुआत उफनती नदी के दृश्य से होती है। पानी तेज रफ्तार से बह रहा है और इसी बीच एक छोटा हाथी नदी पार करने की कोशिश करता दिखाई देता है। उसके पीछे एक बड़ी हथिनी मौजूद है। नन्हा हाथी बहाव के बीच खुद को संभालते हुये आगे बढ़ता है। कई बार ऐसा लगता है कि तेज पानी उसके लिये मुश्किल खड़ी कर सकता है, लेकिन हथिनी लगातार उसके करीब बनी रहती है। वीडियो में बड़ी हथिनी अपने बच्चे को आगे बढ़ने में मदद करती दिखाई देती है। वह उसके पास ही रहती है और अपनी सूंड के जरिये उसे संभालती नजर आती है। नदी की तेज धारा के सामने मां-बेटे की यह जुगलबंदी कुछ ऐसी तस्वीर बनाती है, जिसे देखकर किसी के भी चेहरे पर मुस्कान आ जाये। कुछ देर की मशक्कत के बाद दोनों नदी से बाहर निकल आते हैं और कच्ची सड़क से होते हुये जंगल की ओर बढ़ जाते हैं। पानी से बाहर निकलने के बाद नन्हा हाथी अपनी मां के साथ आगे बढ़ता दिखाई देता है।
‘मां तो मां होती है’—लोगों ने लुटाया प्यार
वीडियो देखने के बाद यूजर्स हथिनी के ममत्व की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि मां हर रूप में अपना ममत्व नहीं छोड़ती। वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि मां सबसे बड़ी योद्धा होती है। एक अन्य यूजर ने भारतीय संस्कृति का संदर्भ देते हुये मां को त्याग, शक्ति, करुणा और ममता की प्रतिमूर्ति बताया। कई लोगों ने इस वीडियो को साझा करते हुये एक ही बात कही, ‘बच्चे के सामने कैसी भी मुसीबत हो, मां उसका साथ नहीं छोड़ती।’
— @plasterSaint (@plasterSaint09) August 27, 2026







