Kohramlive : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक ‘एट होम’ समारोह की मेजबानी की। देश के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में शामिल इस समारोह में PM नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत करीब 650 विशिष्ट अतिथि शामिल हुये। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रपति ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों का स्वागत किया और उनसे मुलाकात की।

पैरा क्रिकेटर आमिर रहे खास आकर्षण
इस बार समारोह में जम्मू-कश्मीर के पैरा क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन की मौजूदगी विशेष रही। बचपन में एक हादसे में दोनों हाथ गंवाने के बावजूद आमिर ने क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। राष्ट्रपति के विशेष निमंत्रण पर उनकी मौजूदगी प्रेरणा का प्रतीक बनी। राष्ट्रपति भवन के इस वर्ष के ‘एट होम’ समारोह का थीम महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रहा। इन राज्यों की कला, शिल्प और परंपराओं को आयोजन में प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

विदेशी मेहमान भी हुये शामिल
समारोह में कई देशों के राजनयिकों और विदेशी प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी भी राष्ट्रपति भवन पहुंचे, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात हुई। स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले के राष्ट्रीय समारोह के बाद आयोजित होने वाला ‘एट होम’ राष्ट्रपति भवन की वर्षों पुरानी परंपरा है, जो देश की विविधता, उपलब्धियों और लोकतांत्रिक गरिमा का प्रतीक माना जाता है।















