Kohramlive : असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की घोषणा मार्च के पहले हफ्ते में हो सकती है। चुनाव आयोग की तैयारियों से ऐसे संकेत मिल रहे हैं। वर्ष 2021 में भी इन पांचों राज्यों के चुनाव एक साथ घोषित किये गये थे। इस बार मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चल रही है, इसलिए घोषणा कुछ दिन आगे बढ़ सकती है। आयोग 15 फरवरी के बाद इन राज्यों का दौरा शुरू कर सकता है। इससे पहले जमीनी तैयारियों का जायजा लेने के लिए निचले स्तर के अधिकारियों को राज्यों में भेजा जा रहा है। आयोग की एक टीम असम पहुंच चुकी है, जबकि अन्य राज्यों के लिए टीमें जल्द रवाना होंगी। साथ ही चुनावी पर्यवेक्षकों के साथ बैठक कर उन्हें सतर्कता और जिम्मेदारियों के निर्देश दिये गये हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार असम की अंतिम मतदाता सूची 10 फरवरी को, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी की 14 फरवरी को, जबकि तमिलनाडु की 17 फरवरी को प्रकाशित होगी। इसके बाद ही चुनावी तैयारियों की औपचारिक समीक्षा शुरू होगी। राजनीतिक तौर पर ये चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में फिलहाल विपक्षी दलों की सरकार है, जबकि असम और पुडुचेरी में NDA की सरकार काबिज है।










