Chatra : नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के इल्जाम के बाद चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव इलाके में ग्रामीणों का आक्रोश हिंसक हो गया। ग्रामीणों की पिटाई से एक युवक मो. इमरोज की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। ग्रामीणों के अनुसार, बीते रविवार रात करीब 10 बजे मो. इमरोज पर एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा। बताया गया कि नाबालिग को दो दिनों तक युवक के घर में रखा गया। इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किये जाने का आरोप है। परिजनों ने लड़की की काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी के परिवार से भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह करीब 2 बजे नाबालिग अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी दी गई थी।
ग्रामीणों ने घेरा घर, युवक की जमकर पिटाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण आक्रोशित हो गये और मो. इमरोज के घर को घेर लिया। बताया जा रहा है कि युवक वहां से भागने का प्रयास कर रहा था, तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के कब्जे से मुक्त कराया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिये हजारीबाग रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मारपीट में युवक के पिता सुल्तान मियां भी घायल हुये हैं। पुलिस ने नाबालिग लड़की को संरक्षण में लिया है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। SDPO प्रभात रंजन बरवार ने मीडिया को बताया कि नाबालिग ने पूछताछ में दुष्कर्म की बात कही है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवक की मौत भीड़ द्वारा की गई पिटाई से हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के खिलाफ पहले भी एक दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था और वह वर्ष 2023 में जेल जा चुका था। घटना के बाद बड़गांव के मगहिया टोला में सन्नाटा पसरा हुआ है। दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुये पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के घर आमने-सामने हैं, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुये प्रशासन सतर्क है।














