Palamu : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पलामू के पाटन थाना में उपलब्ध कराए गये स्क्रीनशॉट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में आरोपी विनय विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर पाटन थाना क्षेत्र के पाल्हे कला गांव निवासी JMM प्रखंड अध्यक्ष उमाशंकर सिंह और सचिव रंजीत सिंह ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी।
WhatsApp और Facebook पर दिखी आपत्तिजनक पोस्ट
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बीते 11 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे मोबाइल पर WhatsApp और Facebook स्क्रॉल करते समय उन्हें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ बेहद अभद्र भाषा में की गई पोस्ट दिखाई दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पोस्ट में मुख्यमंत्री को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के साथ उनकी तस्वीर का भी गलत इस्तेमाल किया गया था। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पोस्ट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर JPSC परीक्षाओं में संलिप्तता का आरोप लगाया था। पोस्ट में कथित तौर पर यह सवाल भी उठाया गया कि यदि कोई चोरी नहीं हुई तो JPSC में CBI जांच क्यों नहीं कराई जाती। शिकायतकर्ता का दावा है कि पोस्ट में यह भी कहा गया था कि जब तक परीक्षाओं की CBI जांच नहीं होगी, तब तक इस तरह की पोस्ट सोशल मीडिया पर जारी रहेंगी। इन दावों की सत्यता की जांच पुलिस कर रही है। शिकायतकर्ता उमाशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि इस तरह की पोस्ट से मुख्यमंत्री की राजनीतिक और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि इससे JMM समर्थकों और आम लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल बना।















