Kohramlive : टेक दिग्गज Apple ने मार्च में होने वाले अपने खास इवेंट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। कंपनी 4 मार्च 2026 को अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में एक विशेष इवेंट आयोजित करने जा रही है, जिसके लिये मीडिया इनवाइट्स भेजे जा चुके हैं। भारतीय समयानुसार यह इवेंट शाम 7.30 बजे शुरू होगा। आमतौर पर Apple सितंबर में बड़े iPhone लॉन्च इवेंट के लिये जानी जाती है, लेकिन इस बार मार्च में होने वाला यह कार्यक्रम कई बड़े सरप्राइज लेकर आ सकता है।
इनवाइट में नहीं दी टैगलाइन, बढ़ा सस्पेंस
Apple के इस मीडिया इनवाइट की सबसे खास बात यह है कि इसमें कोई टैगलाइन नहीं दी गई है। सिर्फ रंग-बिरंगा Apple लोगो दिखाया गया है, जिसमें पीला, हरा और नीला रंग शामिल है। टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये रंग आने वाले प्रोडक्ट्स के नये कलर ऑप्शन या डिजाइन लैंग्वेज का संकेत हो सकते हैं। फिलहाल कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इवेंट की लाइवस्ट्रीम होगी या नहीं। पिछले कुछ वर्षों से Apple अपने लगभग सभी इवेंट्स की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग करती रही है, ऐसे में इस बार की चुप्पी ने उत्सुकता और बढ़ा दी है। संभावना है कि इवेंट से पहले Apple TV और आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव लिंक जारी किया जाये। लीक्स और सप्लाई चेन रिपोर्ट्स के अनुसार, इस इवेंट में कई बड़े प्रोडक्ट्स पेश किये जा सकते हैं, जैसे iPhone 17e (संभावित बजट iPhone)। सबसे ज्यादा चर्चा iPhone 17e को लेकर है। यह एक किफायती iPhone हो सकता है, जिसमें एज-टू-एज डिस्प्ले, A17 चिप और नये कलर ऑप्शन मिल सकते हैं। यह उन यूजर्स के लिये खास होगा जो कम कीमत में iPhone का अनुभव चाहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नये iPad Air और iPad Pro में OLED डिस्प्ले और ज्यादा स्लिम डिजाइन देखने को मिल सकता है, जिससे यूजर एक्सपीरियंस और बेहतर होगा। इस इवेंट में Apple एक कम कीमत वाला MacBook भी लॉन्च कर सकता है। इसे खासतौर पर स्टूडेंट्स और बजट यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया जा सकता है। संभावना है कि इसकी कीमत MacBook Air से कम रखी जाये, लेकिन डेली यूज के लिये दमदार परफॉर्मेंस मिले।
भारत के लिये भी हो सकता है सरप्राइज
दिलचस्प बात यह है कि 4 मार्च को भारत में होली का त्योहार भी मनाया जायेगा और Apple के इनवाइट में दिख रहे रंग भी उसी तरह के हैं। ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि कंपनी भारत को ध्यान में रखते हुये कोई खास घोषणा कर सकती है। यह इवेंट सिर्फ नए प्रोडक्ट लॉन्च तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि Apple की नई डिजाइन सोच, कलर स्ट्रैटेजी और बजट सेगमेंट में बड़ी एंट्री का संकेत भी दे सकता है। अब सबकी निगाहें 4 मार्च पर टिकी हैं, जब दुनिया देखेगी कि Apple अपने “कलरफुल” इवेंट में कौन सा बड़ा टेक सरप्राइज पेश करता है।






