Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग के बड़कागांव प्रखंड के सीकरी पंचायत के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, ऊपर मोहडर में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों ने गंभीर आरोप लगाये हैं। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार को विद्यालय में बच्चों को मिड-डे मील के तहत अंडा दिया जाना तय है, लेकिन इस शुक्रवार को बच्चों को अंडा नहीं दिया गया। इस बारे में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका यशोदा देवी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस मामले में CRP से बात करनी चाहिये। वहीं, कुछ ग्रामीणों का कहना है कि कई विद्यालयों में तय मेन्यू का पालन नहीं किया जाता और मनमाने तरीके से भोजन कराया जाता है। कुछ लोगों का इल्जाम है कि CRP की अनदेखी के चलते स्कूलों में हो रही गड़बड़ियों को नजरअंदाज किया जाता है। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब इस बारे में सवाल उठाया जाता है तो जिम्मेदार द्वारा यह कहा जाता है कि “जांच के लिये हमें ही भेजा जायेगा और हम ही सब निपटा लेंगे।” इस तरह की बातों से ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।








