हजारीबाग : पिता की शिकायत पर 45 दिन बाद एक नाबालिग के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। लड़की की लाश हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र स्थित खुटरा गांव के कुएं से मिली थी। करीब 45 दिन पहले लड़की की लाश केवला गांव के कब्रिस्तान में दफन की गई थी।
इसे भी पढ़ें : लालू की हालत चिंताजनक, दिल्ली एम्स में हो सकते हैं शिफ्ट
बताते चलें कि रोशनी खातून कटकमसांडी थाना क्षेत्र स्थित खुटरा गांव में अपने नाना के घर में रहकर पढ़ाई करती थी। करीब 45 दिन पहले कुएं में डूबने से उसकी मौत हो गई थी। जिसके बाद आनन-फानन में परिजन उसके शव को पैतृक गांव केवला लेकर आए और कब्रिस्तान में दफन कर दिया। जिसके कुछ दिनों बाद लड़की के पिता क्याम खान जब अपने ससुराल गए तो उन्हें अगल-बगल के लोगों ने बताया कि उनकी बेटी की हत्या हुई है। जिसके बाद क्याम खान ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाकर पुलिस से इसकी शिकायत की और मामले की जांच करने की मांग की।
इसे भी पढ़ें : तेजप्रताप और तेजस्वी के साथ रिम्स पहुंची राबड़ी देवी, लालू से मिलकर भावुक हुआ परिवार
पिता के आवेदन पर शनिवार को केवला कब्रिस्तान में मजिस्ट्रेट प्रेम चंद सिन्हा (चौपारण बीडीओ), चौपारण सर्किल इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह और थाना प्रभारी बिनोद तिर्की की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई की बात कही है।
इसे भी पढ़ें : राज्य के तीन IAS अधिकारियों का तबादला, जानिये कौन कहां गए












