Bihar : शादी-ब्याह में रस्में तो बहुत होती हैं, लेकिन कुछ पल ऐसे होते हैं जो बरसों तक याद रह जाते हैं। रिश्तों की मिठास और अपनों के प्यार से सजे ऐसे ही एक पल ने मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के तिलक समारोह को खास बना दिया। दानापुर में आयोजित इस तिलक समारोह में राजनीतिक हस्तियों का जमावड़ा तो लगा ही, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा परिवार के एक खास तोहफे की रही। अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव ने अपने होने वाले जीजा ऋषिकेश कुमार को ऐसा उपहार दिया कि समारोह में मौजूद हर किसी की नजर उस पर टिक गई। अभिनव ने अपने होने वाले जीजा को 80 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट और 100 ग्राम की सोने की चेन अपने हाथों से पहनाई। यानी एक ही रस्म में 180 ग्राम सोने के आभूषण! भाई और होने वाले जीजा के बीच रिश्ते की इस खास झलक ने समारोह की रौनक और बढ़ा दी।
सूट-बूट में अनंत सिंह, क्रीम धोती-कुर्ते में दिखे होने वाले दामाद
तिलक समारोह में अनंत सिंह का लुक भी देखने लायक रहा। विधायक साहब सूट-बूट में सजे-धजे समारोह स्थल पहुंचे। वहीं, उनके होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार क्रीम रंग की नक्काशीदार धोती-कुर्ता पहने नजर आये। बंद गले के कुर्ते में ऋषिकेश का अंदाज समारोह की भव्यता के अनुरूप था। मंच पर अनंत सिंह और उनके होने वाले दामाद की मौजूदगी ने भी मेहमानों का ध्यान खींचा। शिवांगी सिंह के तिलक समारोह में राजनीति के कई बड़े चेहरे भी पहुंचे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। वहीं, बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मिथिलेश तिवारी और रामकृपाल यादव भी समारोह में शामिल हुये। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश सिंह ने भी इस पारिवारिक आयोजन में शिरकत की। राजनीतिक हस्तियों और रिश्तेदारों की मौजूदगी के बीच समारोह में दिनभर उत्सव का माहौल बना रहा।
बुआ बारात में जायेंगी
इस समारोह में होने वाले दूल्हे ऋषिकेश कुमार की मां आशा देवी और उनकी बुआ नीरू भी काफी उत्साहित नजर आईं। हालांकि, आशा देवी ने अनंत सिंह से मुलाकात नहीं हो पाने का मलाल जताया। उन्होंने बारात में शामिल होने से भी इनकार किया है। दूसरी ओर, ऋषिकेश की बुआ नीरू ने बारात में जाने की बात कही। शादी को लेकर दोनों परिवारों में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
कौन हैं ऋषिकेश कुमार?
अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार का परिचय भी काफी दिलचस्प है। वह पटना जिले के बिहटा स्थित कृष्णा नगर के रहने वाले हैं।
शिक्षा: अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA।
पेशा: पिछले कई वर्षों से अमेरिका में कॉर्पोरेट प्रोफेशनल के रूप में कार्यरत।
पिता: रणविजय कुमार, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कमांडेंट।
विदेश में उच्च शिक्षा और कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम करने वाले ऋषिकेश अब अनंत सिंह के परिवार का हिस्सा बनने जा रहे हैं।
इस रोज शिवांगी-ऋषिकेश लेंगे सात फेरे
तिलक की रस्म पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें 25 नवंबर पर टिकी हैं। इसी दिन शिवांगी सिंह और ऋषिकेश कुमार विवाह के पवित्र बंधन में बंधेंगे। शादी का आयोजन अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में होना है। तिलक के साथ ही परिवार में विवाह का जश्न शुरू हो चुका है। फिलहाल, शिवांगी के तिलक समारोह की सबसे चर्चित तस्वीर छोटे साले अभिनव की ओर से जीजा को दिया गया 180 ग्राम सोने का खास तोहफा बन गई है। रिश्तों की इस रस्म ने भव्य समारोह में एक पारिवारिक मिठास भी घोल दी।




