Kohramlive : सुप्रीम कोर्ट से समयपूर्व रिहाई रद्द होने और एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश मिलने के बाद पूर्व सांसद आनंद मोहन ने अपनी आगे की रणनीति का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरेंडर करने से पहले वह पूरे बिहार का दौरा करेंगे। इस यात्रा की शुरुआत गया और तारापुर से होगी। हालांकि, दौरे का विस्तृत कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है। पटना में समर्थकों के साथ हुई बैठक में आनंद मोहन ने कहा कि उनका परिवार पिछले 32 साल से इस मुकदमे का सामना कर रहा है। बैठक में उनके समर्थन में यादव और कुशवाहा समाज के लोग भी पहुंचे। समर्थकों ने उनके पक्ष में नारेबाजी की और राजनीतिक ताकत दिखाने की बात कही।
बोले, 32 साल से मुकदमा झेल रहा है परिवार
आनंद मोहन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला कानून के रूप में देखा जाता है और जिस मामले में यह आदेश आया है, उसे उनका परिवार और समर्थक लंबे समय से झेल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि निर्दोष होने के बावजूद उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित किया गया। घटना के समय अपनी और पत्नी लवली आनंद की मौजूदगी को लेकर भी आनंद मोहन ने दावा किया कि वे दोनों मौके पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने मीडिया से अपील की कि 5 दिसंबर 1994 को हुई घटना से जुड़े मुजफ्फरपुर के गांव में जाकर लोगों से बात की जाये। उनके मुताबिक, गांव के लोग भी उन्हें निर्दोष बतायेंगे। समर्थकों ने आरोप लगाया कि सवर्ण नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सरकार में बैठे कुछ लोगों पर भी सवाल उठाये और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर टिप्पणी की। वहीं, 2029-30 में उत्तर बिहार में NDA को राजनीतिक नुकसान पहुंचाने का दावा किया।






