UP : गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र की 27 साल की युवती ने बृहस्पतिवार रात अपनी जान दे दी। उसके कमरे में मिला वीडियो, ऑडियो और मैसेज चीख-चीखकर बता रहे हैं, कैसे साइबर ठगों ने उसकी ज़िंदगी को नर्क बना दिया। खुदकुशी से पहले उसने मां के नाम वीडियो संदेश छोड़ा “अम्मा! इन्होंने वीडियो बनाकर मुझे बहुत परेशान किया… मैं बुरी तरह फंस गई हूं… मेरे नसीब में यही लिखा था… मुझे माफ कर देना।” यह आखिरी शब्द सुनकर हर किसी की आंखें भर आईं। ऑनलाइन ठगों ने युवती से दोस्ती कर उसका फेक वीडियो बना लिया। धमकी दी कि “पैसे दो, वरना वीडियो वायरल।” डरी सहमी युवती ने कई बार में 60 हजार रुपये तक भेज दिये। मगर हवस के सौदागर और ज्यादा पैसे मांगते रहे। परिजनों ने बताया कि खुदकुशी के बाद भी युवती के मोबाइल पर कॉल आती रही। उधर से आवाज आई “फोन क्यों नहीं उठा रही हो? भूल गई क्या कहा था?” जब घरवालों ने बताया कि वह अब इस दुनिया में नहीं रही, तो सामने वाला कॉल काट गया।
गरीब परिवार की थी लाडली
युवती की मां गांव में छोटी सी दुकान चलाती हैं, पिता जम्मू-कश्मीर में मजदूरी करते हैं। भाई परदेस में काम करता है। अकेली बेटी ने ठगों की धमकी सहते-सहते अपनी सांसें खो दीं। भाई ने थाने में लिखित शिकायत दी कि “मेरी बहन साइबर ठगी का शिकार हुई। रुपयों और धमकी का सबूत उसके मोबाइल में है। आरोपियों को सख्त सजा दी जाये।”
SP साउथ ने कहा कि “जांच जारी है, साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई होगी।”
विशेषज्ञ की सलाह
साइबर एक्सपर्ट्स कहते हैं—“अगर कोई आपका वीडियो वायरल करने की धमकी दे, तो घबराएं नहीं। सबूत सुरक्षित करें और तुरंत cybercrime.gov.in या 1930 पर शिकायत करें। रुपये भेजने से हालात और बिगड़ते हैं।”
इसे भी पढ़ें : मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर ताबड़तोड़ फा’यरिंग










