वाशिंगटन : अमेरिका के बाइडेन प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कश्मीर को लेकर उसकी नीति में कोई बदलाव नहीं आया है। इस मामले में वह भारत की नीति के साथ है। इससे पाकिस्तान के मंसूबों पर पानी फिर गया है। उल्लेखनीय है कि भारत द्वारा कश्मीर में 4 जी की बहाली के बाद अमेरिका ने इसका स्वागत किया। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने ट्विट किया था, ‘हम भारत के जम्मू-कश्मीर में 4G मोबाइल इंटरनेट सेवाओं के बहाल होने का स्वागत करते हैं। यह स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण कदम है। हम उम्मीद करते हैं कि आगे जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक और आर्थिक प्रगति के माध्यम से हालात और सामान्य होंगे’।
पाकिस्तान ने जताई तीखी प्रतिक्रिया
भारतीय संसद द्वारा जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद अमेरिका द्वारा जम्मू-कश्मीर को ‘विवादित क्षेत्र’ नहीं मानने पर पाकिस्तान को सदमा सा लग गया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जाहिद चौधरी ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्रालय के ट्वीट में कश्मीर का जिस तरह जिक्र हुआ है, उससे पाकिस्तान को निराशा हुई है।
इसे भी पढ़ें : दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला ने दी कोरोना को मात, मना रही 117वां बर्थडे
कश्मीर को विवादित क्षेत्र ना बताना संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के खिलाफ है। इसके बाद ही अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने सवाल पूछने पर स्पष्ट किया कि कश्मीर को लेकर अमेरिका की नीति में कोई बदलाव नहीं आया है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने दी चेतावनी
उधर, पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि कश्मीर की जमीनी हकीकत को बाइडेन प्रशासन नजरअंदाज ना करे। कुरैशी ने चेतावनी देते हुए कहा कि देर होने से पहले कश्मीर विवाद का समाधान हो जाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : दीदी को लग रहे झटके पर झटके, अब इन्होंने ने भी कह दिया बाय – बाय








