Ranchi : रांची एयरपोर्ट को बम से उड़ा देने की धमकी देने वाले तीन बदमाशों को आखिरकार दबोच लिया गया। निर्माण कुमार उर्फ मारूति, पप्पु कुमार उर्फ कुड़ी और राधे कुमार को नालंदा से गिरफ्तार किया गया। तीनों की उम्र क्रमशः 24, 23 और 29 साल है। तीनों नालंदा के रहने वाले हैं। रांची पुलिस कप्तान किशोर कौशल द्वारा बनाई गई एक स्पेशल टीम नालंदा गई थी। धमकी देने के पहले ही दिन यानी 28 जुलाई को इस बात का खुलासा कर लिया गया था कि जिस मोबाइल नंबर से धमकी देकर 20 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई, वह सिम किसी रितेश पांडेय के नाम से है। वह भी नालंदा का ही रहनेवाला है। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वहीं उनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल जब्त कर लिया गया है।
पकड़े गये मारूती के बारे में बताया गया कि वह एक नंबर का नशेड़ी है। नशा करने के बाद ही वह बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के डायरेक्टर के मोबाइल 8584892151 पर फोन करता और उन्हें अलबल बोल हड़काते रहता था। पहली दफा 28 जुलाई को फोन किया गया था। इल्जाम है कि उस रोज मारूती ने रांची एयरपोर्ट के डायरेक्टर से कहा कि उसके चार आदमी एक बैग में शक्तिशाली चार बम लेकर एयरपोर्ट के अंदर जा चुके हैं। उसकी बातें नहीं मानने पर एयरपोर्ट को उड़ा दिया जायेगा। मिली इस धमकी के बाद पूरे एयरपोर्ट परिसर में कोहराम मच गया। वहां तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने चुपचाप पूरा एयरपोर्ट खंगाल डाला, पर कोई संदेही नहीं पकड़ा गया। इसके बाद पुनः 29 जुलाई को धमकी दी गई। फिर एक अगस्त को भी धमकी मिली। लगातार तीन दफे धमकी मिलने की बात को एयरपोर्ट और जिला पुलिस प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया। 15 अगस्त को देखते हुए खोजी कुत्ते की मदद से एक बार फिर से पूरे एयरपोर्ट के चप्पे-चप्पे में झांका गया। फूल रखे गमले से लेकर हर एक कोना देखा गया। वहीं मुसाफिरों की चेकिंग टाइट कर दी गई। बाहर से आने वाले यात्रियों की भी कड़ाई से चेकिंग की गई। इस कड़ाई से कुछ यात्री खफा भी हो गये, पर समझाने बुझाने के बाद एतराज जताना बंद कर दिया। इस बीच टेक्निकल सेल से धमकी देने वाले शख्स का लोकेशन हासिल किया गया। इसके बाद एक स्पेशल टीम को नालंदा भेजा गया, जहां से निर्माण कुमार उर्फ मारूति, पप्पु कुमार उर्फ कुड़ी और राधे कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
इन बदमाशों को दबोचने में साइबर डीएसपी यशोधरा, एयरपोर्ट थानेदार आनंद कुमार सिंह, डोरंडा थानेदार श्रीकांत सिंह, टेक्निकल सेल की सब इंस्पेक्टर राधा कुमारी, सिपाही दाण्डिया हेम्ब्रम, सामुएल एक्का, अभिषेक कुमार सिंह और सुरेश मरांडी की सराहनीय भूमिका रही।
इसे भी पढ़ें : सुई देखते ही रोने लगा मासूम बच्चा, टॉर्च से मार सितम ढाह गये डॉक्टर बाबू…देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : कलमुंही बेटी का प्यार निगल गया मां-पापा को.. सुनें क्या बोल गये SSP || कमजोर दिल वाले यह खबर न देखें















