Chouparan : हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र के हथिया बाबा मंदिर के पास बीती रात अफीम तस्कर और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आखिरकार तस्करी के इस खेल में शामिल दो आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान चतरा के आकाश हर्ष राज उर्फ ऋतिक कुमार और गया जिले के सोनू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, मुठभेड़ में घायल अजय कुमार सिंह को बेहतर इलाज के लिये रिम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नशे की खेप पकड़ी, वहीं, तस्करी में इस्तेमाल होने वाला सामान भी जब्त किया है। जब्त सामानों में 10 किलो 100 ग्राम अफीम, अफीम कट, एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा गोलियां, एक खोखा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही Fronix कार, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल एवं तीन मोबाइल फोन शामिल हैं।
चतरा से गया तक जुड़ रही कड़ी
गिरफ्तार आरोपी आकाश हर्ष राज उर्फ ऋतिक कुमार एवं सोनू कुमार ने पूछताछ में पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारी दे दी है। मिले इनपुट पर पुलिस चतरा से लेकर गया तक के नेटवर्क को खंगाल रही है। अब पुलिस की नजर उन लोगों तक पहुंचने पर है, जिनके इशारे पर यह काला कारोबार चल रहा था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े कई अहम नाम और राज सामने आ सकते हैं।







