Kohramlive : त्योहारों के मौसम में मोबाइल यूजर्स की जेब पर एक और बोझ बढ़ गया है। देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने अपने पोस्टपेड प्लान्स की कीमतों में 3 से 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कंपनी के मुताबिक, नई दरें 8 अक्टूबर से पूरे देश में लागू हो जायेंगी। हालांकि, कीमत बढ़ाने के साथ एयरटेल ने ग्राहकों को कुछ अतिरिक्त फायदे देने की भी घोषणा की है। नये पोस्टपेड प्लान्स में फ्री इंटरनेशनल रोमिंग, 5G से जुड़े अतिरिक्त फायदे और स्पैम-फ्रॉड प्रोटेक्शन जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं। कंपनी के मार्केट ऑपरेशंस डायरेक्टर अमित त्रिपाठी के हवाले से मीडिया में आई खबर के मुताबिक, नये प्लान्स का मकसद ग्राहकों को बेहतर नेटवर्क और अतिरिक्त डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अब कितना देना होगा? देखिये नया रेट कार्ड
अगर आप एयरटेल पोस्टपेड इस्तेमाल करते हैं तो अब हर महीने का मोबाइल बिल पहले से ज्यादा आयेगा।
- सिंगल सिम प्लान: ₹449 से बढ़कर ₹499 प्रति माह
- 2 सिम वाला फैमिली प्लान: ₹699 से बढ़कर ₹749 प्रति माह
- 3 सिम वाला फैमिली प्लान: ₹999 से बढ़कर ₹1,049 प्रति माह
- 4 सिम वाला फैमिली प्लान: ₹1,249 और ₹1,449 के नये विकल्प
- 5 सिम वाला प्रीमियम प्लान: ₹1,799 प्रति माह, जिसमें Netflix Standard का सब्सक्रिप्शन भी मिलेगा।
विदेश जाने वालों को बड़ा फायदा
एयरटेल ने बढ़ी हुई कीमतों के साथ ग्राहकों को हर साल प्रति सिम एक फ्री इंटरनेशनल रोमिंग ट्रिप देने की घोषणा की है। इस रोमिंग पैक में 5GB हाई-स्पीड डेटा, भारत या विदेश में 60 मिनट की कॉलिंग, 25 आउटगोइंग SMS, इनकमिंग SMS की सुविधा, विदेश पहुंचने के बाद 5 दिनों की वैधता शामिल होगी। वहीं, एयरटेल का दावा है कि नये प्लान्स के साथ ग्राहकों को बेहतर नेटवर्क एक्सपीरियंस देने पर भी फोकस किया गया है। कंपनी 5G नेटवर्क पर बेहतर स्पीड के साथ स्पैम और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाने के लिये एडवांस प्रोटेक्शन फीचर्स भी दे रही है।





