Delhi : सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हुये हूती हमलों के बाद हवाई सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सुरक्षा कारणों को देखते हुये दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2243 को रास्ते से ही वापस दिल्ली मोड़ दिया गया। विमान दिल्ली से उड़ान भरने के बाद गुजरात के ऊपर से होते हुये अरब सागर के ऊपर पहुंच चुका था, तभी पायलटों ने इसे वापस दिल्ली की ओर मोड़ दिया। घटना के बाद भारत से रियाद जाने वाली उड़ानों पर भी असर पड़ा है। एयर इंडिया, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 10 अक्टूबर तक रियाद जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द करने का फैसला किया है। एयरलाइंस की ओर से प्रभावित यात्रियों को पूरी रकम वापस करने की बात कही गई है।
अरब सागर से ही वापस लौट गया विमान
Air India की AI2243 फ्लाइट दिल्ली से रियाद के लिए रवाना हुई थी। विमान गुजरात के ऊपर से गुजरने के बाद दक्षिण दिशा में अरब सागर के ऊपर पहुंचा। इसी दौरान सुरक्षा स्थिति को देखते हुए पायलटों ने विमान का रुख बदल दिया। विमान अब वापस दिल्ली की ओर लौट रहा है। सुरक्षा एजेंसियों और एयरलाइन के लिये यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिये एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने भारतीयों से अपील की है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुये अलर्ट और सावधान रहें, जरूरत पड़ने पर घर के अंदर रहें और स्थानीय अधिकारियों की ओर से आधिकारिक चैनलों के जरिये जारी निर्देशों का पालन करें।भारतीय नागरिकों से यह भी कहा गया है कि वे मौजूदा घटनाओं से जुड़े वीडियो या खबरों को सोशल मीडिया पर शेयर या दोबारा पोस्ट न करें।
24 घंटे मदद के लिये हेल्पलाइन
भारतीय दूतावास ने बताया कि रियाद में दूतावास और जेद्दा में भारतीय कॉन्सुलेट तथा VFS की आउटसोर्स सेवायें सामान्य रूप से काम कर रही हैं। जरूरत पड़ने पर भारतीय मिशन की ओर से नए अपडेट और एडवाइजरी जारी की जायेगी। प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र यानी PBSK की 24×7 हेल्पलाइन 8002471234 भी उपलब्ध है। भारतीय समुदाय को सलाह दी गई है कि ताजा जानकारी के लिए दूतावास के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नजर रखें। रियाद में एक के बाद एक धमाकों की खबरों के बीच किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी प्रभावित हुआ। फ्लाइट-ट्रैकिंग सेवाओं के अनुसार, हमले के बाद एयरपोर्ट को दोबारा बंद कर दिया गया। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरपोर्ट पर हुये हमले में एक व्यक्ति की मौत और कम से कम आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हमले की जिम्मेदारी हूती विद्रोहियों ने ली है। रियाद में आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमलों की भारत ने कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। भारत ने हमले में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। भारत ने साथ ही कहा कि वह सऊदी अरब की जनता और सरकार के साथ एकजुटता से खड़ा है। रियाद में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति का सबसे तत्काल असर हवाई यातायात पर दिखाई दे रहा है। दिल्ली से उड़ान भर चुके विमान को वापस बुलाना और कई एयरलाइनों द्वारा 10 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द करना बताता है कि हालात को लेकर विमानन कंपनियां कितनी सतर्कता बरत रही हैं।





